अनमोल सिंह हत्याकांड में टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी को जेल भेजा
सिदगोड़ा रिक्रिएशन क्लब के पास मारपीट के दौरान चाकू से किए गए हमले से अनमोल सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी अनंत कुमार ठाकुर को जेल भेज दिया। इस संबंध में मृतक के साथी व गोलमुरी खालसा क्लब के पास रहने वाले गुरप्रीत सिंह के बयान पर सिदगोड़ा थाना में अनंत कुमार ठाकुर व अन्य के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। इधर, मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन घर ले गए। मंगलवार को उसका जन्मदिन था। अनमोल के पिता की पूर्व में मौत हो चुकी है। अनमोल ही घर का इकलौता सहारा था। दो बहनों का इकलौता भाई था। परिजनाें के अनुसार, जिस दिन अनमोल इस दुनिया में आया, उसी दिन उसकी अर्थी भी उठी। घर की सारी खुशियां छिन गईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
मालूम हो कि सोमवार को अनमोल साथियों के साथ जश्न मना रहा था। इसी दौरान एक साथी की तबीयत बिगड़ने पर अनमोल और गुरप्रीत सिंह उसे घर पहुंचाने जा रहे थे। रास्ते में टाटा स्टील सुरक्षाकर्मी अनंत ठाकुर और आईडी शर्मा आपस में झगड़ रहे थे। अनमोल बीच बचाव करने पहुंचा तो अनंत ठाकुर ने चाकू से हमला कर दिया।
अनमोल सिंह