ढुलाई ठप होने से कंपनी को लाखों की क्षति
जमशेदपुर | यूसील में विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को ग्रामीणों की ट्रस्ट टीम, यूसील के हाइवा चालक और खलासी संघ ने यूसील के रियर गेट को लगभग 3 घंटे तक जाम कर दिया। जाम के कारण यूसील जादूगोड़ा में आने वाले यूरेनियम अयस्क की ढुलाई पूरी तरह से ठप हो गई। इस कारण यूसील जादूगोड़ा मिल में पहुंचने वाला यूरेनियम अयस्क नहीं पहुंच सका। हालांकि यूसील प्रबंधन के पास यूरेनियम का स्टॉक हाेने के कारण अयस्क की पिसाई में कोई बाधा तो नहीं आई, लेकिन काम ठप होने के कारण कंपनी को लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। खबर मिलते ही यूसील के सुरक्षा अधिकारी जीसी नायक और प्रशासनिक अधिकारी महेश साहू ने जामकर्ताओं से बात की। वार्ता में यूसील प्रबंधन ने चालकों से कहा कि वह सबूत लेकर आएं कि चालकों को आठ घंटे की बजाय 12 घंटे काम कराया जाता है। 12 घंटे काम कराकर आठ घंटा का ही वेतन दिया जाता है। इस पर जामकर्ताओं ने सबूत के साथ अगली वार्ता में आने की बात कही। इसके बाद संघ ने जाम हटा लिया।