आठवीं की परीक्षा बोर्ड हुई लेकिन फेल छात्र प्रमोट होंगे
प्रमोट विद्यार्थियों के लिए 9वीं में चलेंगी विशेष कक्षाएं
स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने जारी किया गाइड लाइन
एजुकेशन रिपोर्टर | जमशेदपुर
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की अोर से पहली बार 8वीं में बोर्ड की परीक्षा ली गई, लेकिन इसमें फेल छात्र-छात्राओं को 9वीं कक्षा में प्रमोट किया जाएगा। हालांकि प्रमोट किए गए छात्र-छात्राओं को चिन्हित कर 9वीं कक्षा में उनके लिए विशेष कक्षाएं चलाई जाएंगी, ताकि उन्हें दूसरे छात्रों के समकक्ष लाया जा सके।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस परीक्षा के कई छात्र 3-3 विषयों में भी फेल हैं। लेकिन इसे लेकर स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने गाइड लाइन जारी प्रमोट करने को कहा है। इस आदेश के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार प्रसाद सिंह ने सभी प्रिंसिपलों को आदेश दिया है कि वे अपने स्तर से नामांकन अभियान चलाएं अौर उच्च विद्यालय व मध्य विद्यालय के साथ समन्वय स्थापित कर ज्यादा से ज्यादा बच्चों का नामांकन कराएं।