चार दिनों से बंद रेलवे क्वार्टर से 26 हजार नकद समेत गहने की चोरी, प्राथमिकी
जमशेदपुर | बागबेड़ा थाना के बजरंग टेकरी क्षेत्र में स्थित बंद रेलवे क्वार्टर से 26 हजार नकद और गहने की चोरी की घटना हुई है। यह घर पुरुषोत्तम ठाकुर नाम के व्यक्ति का है जो पिछले चार साल से दिल्ली में परिवार के साथ रह रहे हैं। जमशेदपुर उनका कम ही आना जाना होता था। इधर, 13 मई को पड़ोसियों ने ठाकुर काे फोन पर सूचना दी कि उनके घर का दरवाजा खुला है चोरी की आशंका है। पुरुषोत्तम ठाकुर शुक्रवार को शहर पहुंचे और अपने घर को खंगाला। इसके बाद उन्होंने चोरी की शिकायत बागबेड़ा थाना में दर्ज कराई। लिखित शिकायत के अनुसार वे पिछले चार साल से दिल्ली में काम कर रहे हैं और उनका परिवार भी उनके साथ रहता है। उन्होंने लिखा उनके घर में 26 हजार रुपए नकद राशि थी और अलमीरा में कुछ गहने थे जो गायब हैं। पुरुषोत्तम के लिखित बयान पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है।