जमशेदपुर | जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) बांके बिहारी सिंह पर लगाए आरोपों की जांच एडीएम (विधि व्यवस्था) सुबोध कुमार ने शुक्रवार से शुरू कर दी। उपायुक्त कार्यालय में एडीएम ने शिकायतकर्ता भाजपा नेता अंकित आनंद का बयान कलमबद्ध किया। भाजपा नेता ने जांच अधिकारी को 64 पेज में प्रमाण सौंपा है। प्रमाण के साथ समाचार पत्रों की छाया प्रति भी संलग्न की गई है। मालूम हो कि भाजपा नेता के आरोप के आलोक में स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव एके सिंह ने डीसी अमित कुमार को इस मामले की जांच का आदेश दिया था। इसके बाद डीसी ने एडीएम को जांच का जिम्मा सौंपा है। एडीएम से भाजपा नेता ने डीएसई पर स्वेच्छाचारिता, पद का दुरुपयोग, सरकारी आदेशों की अवमानना, अनुशासनहीनता, लोकहित के कार्य बाधित करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए। भाजपा नेता ने कहा कि डीएसई पर पूर्व में भी कई भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के तहत जांच चल रही है। जिले में पदस्थापित रहते हुई डीएसई लगातार शिकायतों के बावजूद निजी स्कूलों की मनमानी रोकने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। साक्ष्यों के साथ स्कूलों की शिकायत करने पर भी मामलों को ठंडे बस्ते में डाल दिया। अब जांच अधिकारी डीएसई को बयान लेने के लिए तलब करेंगे।