जिले में खुलेगा महिला शक्ति केंद्र
जमशेदपुर | केंद्रीय महिला बाल विकास व समाज कल्याण मंत्रालय की योजना के तहत जिले में एक महिला शक्ति केंद्र की स्थापना की जाएगी। इस केंद्र से महिलाओं के हित के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जाने वाली योजनाओं का प्रचार किया जाएगा। मंत्रालय का फोकस कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाना है। देश में लिंग अनुपात में आ रहे अंतर को रोकने के लिए महिलाओं के बीच बड़े पैमाने पर जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान में स्थानीय सांसद, विधायक, पंचायती राज व्यवस्था के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग, कॉलेजों के शिक्षक व विद्यार्थियों को भी जोड़ा जाएगा। जिले के सभी 11 प्रखंड में 200 महिला व पुरुष वोलेंटियर्स बनाए जाएंगे, जो कन्या भ्रूण हत्या के प्रति जागरुकता के साथ ही महिलाओं से संबंधित विकास योजनाओं की जानकारी देने के लिए जागरुकता अभियान चलाएंगे।