छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूल व कॉलेजों के पास चक्कर लगाएगी पिंक पेट्रोलिंग वैन
एजुकेशन रिपोर्टर | जमशेदपुर
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नई पहल की है। इसके तहत बुधवार को जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज से पिंक पेट्रोलिंग वैन की शुरुआत की गई। पिंक पेट्रोलिंग वैन सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक शहर के सभी स्कूलों व कॉलेजों के चक्कर लगाती रहेगी।
आपात स्थिति में मोबाइल- 9430774595 या 100 नंबर पर डायल कर छात्राएं मदद ले सकती हैं। पिंक पेट्रोलिंग वैन में सुरक्षाकर्मी भी महिलाएं ही होंगी। ऐसे में छात्राएं बिना डरे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगी। वैन में तैनात महिला पुलिस कर्मी शैक्षणिक संस्थानों के पास असामाजिक तत्वों की अड्डेबाजी, छेड़खानी या लड़कियों का पीछा करने जैसी घटनाओं पर रोक लगाने का काम करेंगी। बुधवार को जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज में एसएसपी अनूप बिरथरे, सिटी एसपी प्रभात कुमार, सिटी डीएसपी अनुदीप सिंह व कॉलेज की प्रभारी प्रिंसिपल डॉ पूर्णिमा कुमार ने हरी झंडी दिखाकर पिंक पेट्रोलिंग वाहन को रवाना किया। मौके पर एसएसपी ने कहा- महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध को रोकने के लिए हमें बच्चों को नैतिकता की जानकारी देनी होगी। लड़कों को बताना होगा कि किसी की मां-बेटी से कैसा व्यवहार करना है।
पिंक पेट्रोलिंग वैन रवाना करते एसएसपी अनूप बिरथरे व सिटी एसपी प्रभात कुमार।
स्कूलों में साइबर सुरक्षा पर होगी कार्यशाला
एसएसपी ने छात्राओं को सोशल मीडिया पर दोस्त बनाने से बचने की सलाह दी। कहा- सोशल मीडिया से जुड़े ज्यादा मामले प्रकाश में आ रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए स्कूल-कॉलेजों में साइबर सुरक्षा के लिए कार्यशाला की जाएगी। साइबर एक्सपर्ट छात्राओं को इससे जुड़ी समस्याओं के बारे में बताएंगे।
गूगल प्ले स्टोर से शक्ति एप डाउनलोड करें छात्राएं
सिटी एसपी प्रभात कुमार ने छात्राओं को गूगल प्ले स्टोर से शक्ति एप इंस्टॉल करने को कहा। उन्होंने कहा- मोबाइल के पॉवर बटन को लगातार दबाने से शक्ति एप एक्टिव हो जाएगा। मोबाइल में जिस नंबर से इंटरनेट एक्टिव होगा, उससे लोकेशन ट्रैक किया जा सकेगा।