इसी साल बन जाएगा टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज अगले सत्र से होगी पढ़ाई
सिक्किम मणिपाल यूनिवर्सिटी व टाटा स्टील के तत्वावधान में बारीडीह में खुलने वाले मेडिकल कॉलेज में अगले सत्र से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। दिसंबर-18 तक कॉलेज का भवन बन जाएगा। 2019-20 से नामांकन शुरू हो जाएगा। मणिपाल यूनिवर्सिटी के ऑफिसर ऑन स्पेशल प्रोजेक्ट डॉ. जगदीश राजन व असिस्टेंट मैनेजर (कॉरपोरेट अफेयर्स) जी. प्रसाद ने बुधवार को डीसी अमित कुमार की अध्यक्षता में बैठक में यह जानकारी दी।
दोनों अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन हस्तांतरित करने और जमशेदपुर अक्षेस से भवन का नक्शा पारित कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) के पास सात जुलाई से पूर्व आवेदन करना होगा। मेडिकल कॉलेज की मंजूरी के लिए अपनी जमीन, नगर निकाय से कॉलेज भवन का नक्शा पारित होना और अस्पताल से संबद्धता जरूरी है। डीसी ने 24 अप्रैल को अपराह्न चार बजे से संयुक्त बैठक बुलाई है।
20 एकड़ जमीन पर बनेगा मेडिकल कॉलेज
150 करोड़ रुपए का निवेश करेगा मणिपाल
मणिपाल यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने डीसी को बताया- जमशेदपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए करीब 150 करोड़ रुपए का निवेश बुनियादी संरचना पर किया जाएगा। दिसंबर-2018 तक भवन व अन्य बुनियादी संरचना का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। मणिपाल यूनिवर्सिटी कमेटी द्वारा मंजूरी मिल चुकी है। बारीडीह में आदेर्शिर दलाल मेमोरियल हॉस्पिटल परिसर में 20 एकड़ जमीन पर मणिपाल मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जानी है।
150 सीटों पर होगा दाखिला
मणिपाल मेडिकल कॉलेज के लिए 2019-20 से दाखिला शुरू होगा। 150 सीटों पर नामांकन नीट के आधार पर होगा। नीट के आधार पर चयनित झारखंड के 10 आदिवासी विद्यार्थियों को कॉलेज नि:शुल्क पढ़ाई की व्यवस्था करेगा। उन्हें छात्रवृत्ति दी जाएगी। यहां विद्यार्थियों को मणिपाल यूनिवर्सिटी से डिग्री मिलेगी।