मानगो से लापता छात्र छह घंटे बाद कपाली में मिला
मानगो थाना अंतर्गत दाईगुट्टू साव लाइन से बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे शैलेन्द्र कुमार यादव का इकलौता बेटा सक्षम कुमार यादव उर्फ जीत (5 वर्ष) घर के पास से लापता हो गया। घरवालों ने काफी तलाश की लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने मानगो थाना में लिखित शिकायत की। मानगो थाना प्रभारी अरुण महथा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में आसपास के थानों को सूचित किया। साथ ही वाट्सएप पर बच्चे की तस्वीर शेयर की। इसके बाद शाम करीब 6.30 बजे कपाली में लोगों ने सक्षम को भटकते देखा। लोगों ने उसे कपाली ओपी को सौंप दिया। जानकारी मिलने पर शैलेन्द्र यादव समेत घरवाले कपाली ओपी पहुंचे। बेटे को सुरक्षित देख शैलेन्द्र यादव की आंखें छलक आईं। शैलेन्द्र यादव के अनुसार, सक्षम उनका इकलौता बेटा है। वह गोविंद विद्यालय में एलकेजी का छात्र है। बुधवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह घर आया। फिर पड़ोस में रहने वाले एक साथी के घर गया। उसके बाद वह घर नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की।