साकची: जेल चौक के पास दुकान की टीन शेड हटाकर 74 हजार की चोरी
जमशेदपुर | साकची जेल चौक के पास दुकान का छप्पर तोड़कर बदमाशों ने काउंटर में रखे 74 हजार रुपए चुरा लिए। घटना मंगलवार रात की है। बुधवार की सुबह दुकानदार मानगो पोस्ट ऑफिस रोड निवासी अरुण कुमार सिंह ने दुकान का शटर उठाया तो अचानक कुर्सी गिरी। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद अरुण ने साकची थाना को सूचित किया। पुलिस की मौजूदगी में अरुण ने दुकान की जांच की तो काउंटर में रखे 74 हजार रुपए नदारद पाए। काउंटर के पास एक सलाई रिंच भी पाया। अरुण कुमार सिंह के अनुसार, बदमाश सलाई रिंच की मदद से दुकान के ऊपर टीने की शेड के नट खोलने के बाद अंदर घुसे। फिर काउंटर का लॉक तोड़कर रुपए निकाल लिए। रुपए निकालने के बाद बदमाश जिस रास्ते घुसे, उसी रास्ते से फरार हो गए।