18 पदों के लिए हुए चुनाव में 9 नए चेहरे, आठ पहली बार बने कमेटी मेंबर, एक निर्विरोध, रिकॉर्ड 99% मतदान हुआ
टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के चुनाव में बुधवार को नए और पुराने कमेटी मेंबरों का जीतने का मामला फिफ्टी-फिफ्टी रहा है। कुल 19 में से 18 कमेटी मेंबरों के लिए हुए चुनाव में 9 नए और 9 पुराने कमेटी मेंबर जीत कर आए हैं। 9 नए कमेटी मेंबरों में 8 पहली बार जीते हैं। 805 मतदाताओं में से 801 ने किया वोट, तीन ने मतदान नहीं किया। कुल 99 फीसदी वोटिंग हुई। यह रिकॉर्ड है।
नए जीतने वाले कमेटी मेंबरों में अविनाश अनुपम, हरेश सुनानी, प्रत्युष कुमार विश्वास, रतन कुमार प्रामाणिक, सुधीर श्रीवास्तव, अंजय कुमार, श्रीनिवास राव और सुरेन्द्र कुमार हैं, जबकि प्रकाश महतो पहले एक बार कमेटी मेंबर रह चुके हैं। चुनाव में हारने वालों में वर्तमान कमेटी मेंबर सुमित कुमार, रमेश कुमार, बी कृष्णा राव, राजू प्रसाद, शशि शेखर शुक्ला, सम्राट चक्रवती और प्रभाकर सिंह शामिल हैं। आफ्टर मार्केट से अजीत कुमार सिंह का पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।
नई कमेटी बनाने के लिए दो और कमेटी मेंबरों का सपोर्ट चाहिए
महामंत्री अरुण सिंह के 8 समर्थक जीते, 3 हारे
यूनियन के महामंत्री मेंबर अरुण कुमार सिंह के 8 कमेटी मेंबर जीत कर आए हैं। ऐसे में उनके लिए आगे की राह आसान नहीं है। नई कमेटी बनाने के लिए 19 में से कम से कम 10 कमेटी मेंबरों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में अपनी कमेटी बनाने के लिए उन्हें दो कमेटी मेंबर को सपोर्ट लेना पड़ेगा। इस रिजल्ट पर अरुण सिंह ने कहा कि उम्मीद के अनुरूप ही रिजल्ट है। उन्हें आसानी से समर्थन मिल जाएगा। उनके समर्थक रहे वर्तमान कमेटी मेंबरों सम्राट चक्रवर्ती, प्रभाकर सिंह और कृष्णा राव हार गए हैं। टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन का चुनाव शांतिपूर्ण रहा। मतदान को लेकर सुबह नौ बजे से ही कर्मचारियों की लंबी कतार लगी रही। कुल 805 में 801 वोटरों ने वोट किया। मेटेरियल विभाग से दो और एटीपी से 2 वोटरों ने मतदान नहीं किया। मतदान को लेकर कंपनी के अंदर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कंपनी के कैंटीन एरिया के पास ट्रेनिंग डिवीजन में चुनाव हुआ। कुल 8 बूथ बने थे। सबसे ज्यादा भीड़ एटीपी निर्वाचन क्षेत्र के काउंटर पर रही, जहां पर इस साल पांच कमेटी मेंबरों का चयन हुआ है। मतदान शाम चार बजे तक चला। नाइट शिफ्ट बंद होने की वजह से ए और बी शिफ्ट के कर्मचारियों ने अपनी सुविधा के अनुसार मतदान किया।
शाम पांच बजे शुरू हुई मतगणना
मतगणना शाम पांच बजे शुरू हुई। निर्वाचन क्षेत्र वार मतगणना शुरू हुआ। सबसे पहले एटीपी विभाग की काउंटिंग शुरू हुई। इसका रिजल्ट शाम साढ़े छह बजे के करीब आया। इस विभाग में पहली बार जीते अविनाश अनुपम को सबसे ज्यादा वोट मिले। उन्हें 175 वोट मिले। फर्स्ट टाइमर वोटर हरेश सुनानी ने भी धमाकेदार जीत दर्ज की है। इसके अलावा प्रत्युष कुमार विश्वास ने भी पहली बार जीता है। राजू मूर्ति और चन्द्रभूषण पांडेय अपनी सीट बचाने में सफल रहे हैं, जबकि सुमित कुमार को हार मिली है। इस विभाग के कमेटी मेंबर रंजन कुमार इस साल चुनाव में खड़ा नहीं हुए थे, जबकि ऑफिस एरिया के कमेटी मेंबर रहे सुशील कुमार श्रीवास्तव ने एटीपी में मर्ज होने के बाद अपनी उम्मीदवारी छोड़ दी थी। एटीपी के बाद मेटेरियल्स विभाग का रिजल्ट आया, जिसमें दो पदों के लिए हुए चुनाव में रमेश कुमार को हार मिली, जबकि धीरज कुमार सिंह अपनी सीट बचाने में सफल रहे। फर्स्ट टाइमर वोटर रतन कुमार प्रामाणिक जीत कर आए हैं। कनेक्टिंग रड के दो पदों के लिए हुए चुनाव में भी एक कमेटी मेेंबर कृष्णा राव को हार मिली है। मनोज कुमार सिंह अपनी सीट बचाने में सफल रहे, जबकि पुरानी टीम के प्रकाश महतो जीते हैं।