सीएम मजदूर का बेटा हैं तो ठेकाकर्मियों की समस्या का समाधान करें : आनंद बिहारी
टाटा स्टील प्रोसेसिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीएसपीडीएल) के ठेका मजदूर बुधवार को कांग्रेस नेता आनंद बिहारी दुबे से मिले। आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्वी के विधायक भी हैं। वे खुद को मजदूर का बेटा कहते हैं तो उन्हें टीएसपीडीएल के ठेका मजदूरों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
बारीडीह कार्यालय में बुधवार को आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री के आवास से एक किमी की दूरी पर ठेका कर्मचारियों के साथ अन्याय हो रहा है। आनंद बिहारी दुबे के साथ ठेका कर्मचारियों ने फैसला लिया कि गुरुवार को उप श्रमायुक्त (डीएलसी) से मुलाकात की जाएगी। 24 से 48 घंटे का अल्टीमेटम देने के बाद भी सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो ठेका कर्मचारी जोरदार आंदोलन करेंगे। बैठक में दीपक कर्मकार, जे महतो, जगन्नाथ, प्रदीप दत्ता, संतोष दास, किशन महतो आदि शामिल थे।
ऑर्डर नहीं मिल रहा तो सिक्युरिटी की बहाली क्यों
आनंद बिहारी दुबे ने ठेका कर्मचारियों की बैठक में कहा गया कि प्रबंधन के लोग कह रहे हैं कि ऑर्डर नहीं मिल रहा है। अगर ऐसा है तो फिर कंपनी में पिछले दरवाजे से सिक्युरिटी के कर्मचारियों की बहाली क्यों हो रही है। सीएसआर के तहत ठेका कर्मचारियों के लिए कैंटीन की व्यवस्था की गई है। लेकिन इसके लिए ठेका कर्मचारियों से 250 रुपए लिए जा रहे हैं। कर्मचारियों को 25 दिन की उपस्थिति पर स्किल्ड एलाउंस के नाम पर मिलने वाली 1040 रुपए की कटौती हो रही है।