मानगो में चल रहा था आईपीएल का सट्टा, छापे में 20 लाख नकद मिले
मानगो सुन्दरवन फेज टू के तुलसी ब्लॉक स्थित एक डुप्लेक्स में मंगलवार रात आईपीएल सट्टा की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी में लगभग 20 लाख से ज्यादा रुपए, सात मोबाइल फोन, जेवरात जब्त किए गए हैं। उस मकान से परवेज अहमद नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मानगो थाना में रख कर पूछताछ की जा रही है।
मंगलवार रात आठ बजे से पुलिस ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की जो रात 11 बजे तक चली। उस वक्त परवेज अपने घर में अकेले था। छापेमारी का नेतृत्व सिटी एसपी प्रभात कुमार कर रहे थे। साथ में उलीडीह, आजादनगर और मानगो थाना के पुलिस पदाधिकारी थे। टीम में पुलिस की टेकनिकल सेल के सदस्य भी थे। पुलिस के अनुसार छापेमारी की कार्रवाई तीन घंटे तक चली। जब पुलिस ने दबिश दी तो घर अंदर से बंद था और उसकी लाइट नहीं जल रही थी। लेकिन थोड़ी देर में गार्ड ने आकर बताया पीछे से कोई युवक कूदा है जो पड़ोसी के घर में है। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया जिसने अपना नाम परवेज बताया। पुलिस ने उस मकान को सील कर दिया है।