संविधान में ऑफिस बेयरर्स के 5 पद, 11 पर कराया जा रहा चुनाव
टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के संविधान में ऑफिस बेयरर्स के पांच पद हैं लेकिन 11 पद के लिए चुनाव कराने की घोषणा सार्वजनिक की गई है। यह असंवैधानिक है। यूनियन के पूर्व महामंत्री चंद्रमौली मिश्रा ने श्रमायुक्त सह ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार से इसकी शिकायत की है। श्रमायुक्त सह ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार ने चंद्रमौली मिश्रा की शिकायत को टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष और महामंत्री को भेज दिया है।
चुनाव पदाधिकारी को भी आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया है। उप श्रमायुक्त को भी इससे अवगत कराया गया है। श्रम विभाग ने चंद्रमौली मिश्रा को टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन का सदस्य घोषित कर दिया है। मगर 11 साल से कंपनी प्रबंधन ने उनका निलंबन किया हुआ है। कंपनी के भीतर चुनाव कार्यक्रम शुरू किया गया। व्यवस्था की गई कि सशरीर आकर नामांकन पत्र लेना होगा। निलंबित होने के कारण चंद्रमौली कंपनी के भीतर नहीं जा सकते थे। इसलिए नामांकन पत्र नहीं ले सके हैं। चंद्रमौली मिश्रा को चुनाव में भाग नहीं लेने देने के मामले की उप श्रमायुक्त जांच कर कार्रवाई कर रहे हैं। इधर, चंद्रमौली मिश्रा की एक और शिकायत को ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार ने विचारार्थ टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के शीर्ष नेतृत्व को भेज दिया है। चंद्रमौली मिश्रा की शिकायत में कहा गया कि यूनियन में अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष व सहायक सचिव के एक-एक पद हैं। यूनियन नेतृत्व 11 पद पर चुनाव करवा रहा है, जो पूरी तरह असंवैधानिक है।
सुविधा के लिए संख्या बढ़ाई
कमिंस कर्मचारी यूनियन में ऑफिस बेयरर्स के पांच पद ही हैं। पूर्व की परंपरा के अनुसार कामकाज में सुविधा के लिए ऑफिस बेयरर्स की संख्या बढ़ाई गई है। वैसे, उन्हें अभी तक श्रमायुक्त का पत्र नहीं मिला है। अरुण सिंह, महामंत्री, टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन
यूनियन को अपने संविधान के मुताबिक चुनाव कराना है। निर्धारित संख्या से अधिक पद के लिए चुनाव कराने की शिकायत मिली है। उस शिकायत को यूनियन नेतृत्व को भेज दिया गया है, ताकि सुधार कर लें। यदि संविधान के मुताबिक चुनाव नहीं होगा तो फिर आगे कार्यवाही का रास्ता खुला हुआ है। श्याम सुंदर पाठक, श्रमायुक्त सह ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार