यूनियन की बैठक में राकेश्वर ने कहा- 2 से 3 माह में टीआरएफ में वेज रिवीजन हो जाएगा
जमशेदपुर | टाटा रॉबिन्स फ्रेजर (टीआरएफ) में दो से तीन महीने में वेज रिवीजन हो जाएगा। टीआरएफ लेबर यूनियन की शुक्रवार को कमेटी मीटिंग हुई। वेज रिवीजन का मसला उठाया गया। इस पर राकेश्वर पांडे ने कहा कि उन्हें कर्मचारियों के दर्द का अहसास है। छह साल से कंपनी नुकसान में चल रही है। उन्हें यकीन था कि सुधार होगा। इसी वजह से वेज रिवीजन को टालते रहे, लेकिन अब यूनियन ने मन बना लिया है कि जल्द वेज रिवीजन किया जाएगा। कमेटी मीटिंग में राकेश्वर पांडे ने कहा कि कंपनी रहेगी तभी कर्मचारी भी रहेंगे। टीआरएफ को फिर प्रगति के पथ पर लाने के लिए यूनियन ने प्रबंधन को भरसक सहयोग दिया है। टाटा स्टील की सीधी निगरानी में टीआरएफ का प्रदर्शन अब सही होता जा रहा है। नए प्रबंध निदेशक संजय रजोरिया का भी वेज रिवीजन के मसले पर रूख बेहद सकारात्मक है। टीआरएफ की आर्थिक हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।