अगर कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो सारी मुश्किलें आसान हो जाती हैं। करनडीह दुखू टोला के विष्णु हांसदा ने पहले प्रयास में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय की ओर से अखिल भारतीय स्तर पर होने वाले इस आयोजन में विष्णु का ऑल इंडिया रैंक तीसरा (एसटी) है। जब विष्णु ने पिता से कहा कि उन्हें कला और फैशन के क्षेत्र में जाना है तो उन्होंने मना कर दिया था और कहा- इसमें कॅरियर नहीं है। ऐसी पढ़ाई करो, जिससे सरकारी नौकरी मिल सके। धुन के पक्के विष्णु ने अपने अंदर के कलाकार को मरने नहीं दिया। बकौल विष्णु- शुरू में पिता ने मना कर दिया, लेकिन दीदी-भैया के कहने पर वे तैयार हो गए। दोस्तों ने इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने ही निफ्ट के बारे में बताया। फिर एकेडमी ऑफ फैशन एंड आर्ट्स (एएफए) साकची ने इस परीक्षा की तैयारी में काफी मदद की। एएफए के निदेशक निखिल कुमार सिंह कहते हैं- विष्णु की स्केचिंग और ड्राइंग स्किल काफी अच्छी थी। यही वजह है कि पहले ही प्रयास में स्कोर 77.1 फीसदी था।
किसान परिवार से ताल्लुकात रखते हैं विष्णु हांसदा
विष्णु का परिवार किसानी करता है। आज भी करनडीह में खेती होती है। दादा किसानी करते थे। पिता दुखू चरण हांसदा सिंडिकेट बैंक में क्लर्क हैं। कहते हैं- पहले तो उन्होंने विष्णु को इस क्षेत्र में जाने से रोका, लेकिन जब देखा कि उसकी रुचि इसी में है तो उन्होंने उसे आगे बढ़ने दिया, क्योंकि जिसमें बच्चा खुश है वही अच्छा है। उसने अपने आप को प्रूव भी किया है। हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि निफ्ट की परीक्षा में पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया स्तर पर तीसरा स्थान लाएगा।
विष्णु हांसदा
विष्णु हांसदा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी मुंबई से डिजाइनिंग की पढ़ाई करना चाहते हैं
मुंबई में फैशन का एक्सपोजर वहां एडमिशन की कोशिश
बकौल विष्णु, उसका सपना एक सफल फैशन डिजाइनर बनना है। कोशिश होगी कि निफ्ट मुंबई में एडमिशन हो जाए। मुंबई फैशन नगरी है। ऐसे में वहां पर फैशन का एक्सपोजर काफी है। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री भी है इसलिए काम करने के अवसर भी काफी मिलेंगे।