जमशेदपुर| अब हाईस्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों का स्थानांतरण जिलास्तरीय स्थापना समिति ही करेगी। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों के डीईओ को निर्देश जारी कर दिया है। निर्देश में कहा गया- जिलास्तरीय कैडर होने के कारण राज्य के सभी कोटि के हाई स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों का स्थानांतरण या पदस्थापन उनकी नियुक्ति वाले जिले में ही किया जाना है। हालांकि कुछ शिक्षकों का दूसरे जिले में तबादला किया गया है, लेकिन उनके वेतन भुगतान में समस्या आ रही है। यह मामला सीएम जनसंवाद में भी उठा है। इस वजह से दूसरे जिलों में हुए स्थानांतरण के आदेश को रद्द किया जाता है। एक सप्ताह में संबंधित शिक्षकों को उनके मूल जिले के मूल विद्यालय में योगदान दिलाया जाए, तभी वेतन भुगतान होगा। तबादले की अवधि को प्रतिनियुक्ति अवधि माना जाएगा। ऐसा नहीं करने पर संबंधित डीईओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।