विशाल सिंह पर तीन युवकों ने गोली चलाई, फिर पत्थर से कुचला था सिर
एसएसपी ऑफिस में गिरफ्तार आरोपी।
नामजद आरोपी बबलू थापा को पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ा
क्राइम रिपोर्टर | जमशेदपुर
मानगो शंकोसाई रोड नंबर-5 में 10 मई को विशाल हत्याकांड में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें सोहेल हुसैन अंसारी (शंकोसाई रोड नंबर-5 हयात नगर), निखिल साव (शंकोसाई रोड नंबर-1), रमेश कुमार वर्मा (शंकोसाई रोड नंबर-5 परमानंद नगर) और भोला महतो उर्फ भोला बॉक्सर (परमानंद नगर) शामिल हैं। इनके अलावा एक अन्य आरोपी राहुल गुप्ता उर्फ शोले ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर किया। इस मामले में उत्तम महतो, कुंदन सिंह उर्फ भोंदू और रोहित फरार हैं।
बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अनूप बिरथरे ने बताया- गिरफ्तार युवक विशाल की नहीं, उसके साथी विकास गिरि उर्फ विक्की की हत्या करने की नीयत से गए थे। विक्की का राहुल गुप्ता उर्फ शोले और उत्तम महतो से विवाद था। इसी कारण सभी तीन बाइक से 10 मई की शाम कैलाशधाम पहुंचे। वहां हमलावरों का विक्की से विवाद भी हुआ। इसी बीच विशाल बीच-बचाव कर धक्का मुक्की करने लगा तो कुंदन सिंह उर्फ भोंदू ने गोली चला दी जो विशाल को लग गई। फंसने के डर से उनलोगों ने विशाल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद विशाल तड़प रहा था। इसके बाद रोहित ने पत्थर से विशाल का सिर कुचल दिया। हत्या करने के बाद सभी फरार हो गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो बाइक भी बरामद कर ली है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपियों की तस्वीर मिली है। कुंदन सिंह उर्फ भोंदू तीन माह पूर्व ही जेल से छूटा है। राहुल गुप्ता उर्फ शोले भी आपराधिक प्रवृति का है।
प्रत्यक्षदर्शी का पुलिस ने कोर्ट में कराया बयान
इधर, बुधवार को पुलिस ने हत्याकांड के प्रत्यक्षदर्शी विकास गिरि उर्फ विक्की और रौशन मिश्रा का कोर्ट में 164 के तहत बयान कराया। विक्की ने बताया- उसका बबलू थापा से विवाद था। इसलिए हत्याकांड में उसने बबलू थापा का नाम दिया था। जिस वक्त घटना घटी, वह विशाल सिंह और रौशन मिश्रा के साथ कैलाशधाम में शराब पी रहा था। इसी दौरान उत्तम महतो, राहुल गुप्ता व अन्य पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। इसी बीच उनलोगों ने विशाल को गोली मार दी। पुलिस के अनुसार, अनुसंधान में बबलू थापा की हत्याकांड में संलिप्तता नहीं मिली। प्रत्यक्षदर्शी ने भी उसकी संलिप्तता से इनकार किया। इसके बाद बबलू छापा को छोड़ दिया गया।
यह है मामला
10 मई को उलीडीह थाना अंतर्गत खड़िया बस्ती कैलाशधाम के पास अपराधियों ने संजय पथ सुभाष कॉलोनी निवासी ईंट गिट्टी सप्लायर ललन सिंह के बेटे विशाल सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में ललन सिंह के बयान पर उलीडीह थाना में गणेश सिंह, बबलू थापा, उत्तम महतो, राहुल गुप्ता उर्फ शोले, अंकित शर्मा व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।