अवैध वसूली का विरोध करने पर सिपाही ने वकील का सिर फोड़ा
साकची बसंत टॉकिज के पास बुधवार को सोनारी निवासी अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह और ट्रैफिक सिपाही सतेन्द्र मांजी के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह के सिर में चोट लगी। इसके बाद स्थानीय लोग एक जुट हो गए और ट्रैफिक जवान के मारपीट का विरोध किया। इस दौरान लोगों ने ट्रैफिक जवान के साथ हाथापाई की। मामला बिगड़ता देख ट्रैफिक जवान वहां से भाग खड़ा हुआ। हादसा के बाद लोगों ने अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह को टीएमएच ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम लाया गया। घटना दोपहर करीब 1.30 बजे की है।
घायल अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह के अनुसार वे बसंत टॉकिज के पास फल खा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद ट्रैफिक सिपाही सतेन्द्र मांझी ने उसे उठाया और फिर रुपए की मांग की। गाली गलौज भी करने लगा। यह देख उन्होंने ट्रैफिक सिपाही का विरोध किया। जिसके बाद ट्रैफिक सिपाही ने डंडे से पिटाई कर दी। जानकारी मिलने पर कई अधिवक्ता एमजीएम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस के इस पिटाई का विरोध किया। अधिवक्ता के अनुसार गुुरुवार को इस मामले में एसएसपी से कार्रवाई की मांग की जाएगी।
एमजीएम अस्पताल में घायल अधिवक्ता राजीव कुमार।