पी एंड एम हाई टेक सिटी सेंटर मॉल में प्रकाश झा, मंत्री सीपी सिंह व सरयू राय।
हिन्दी,अंग्रेजी और बंगाली भाषा की फिल्में चलेंगी
जमशेदपुर | सिटी रिपोर्टर
पी एंड एम हाई टेक सिटी सेंटर मॉल स्थित पीजेपी सिनेमा के पहले दिन शुक्रवार को सुबह नौ बजे पहले शो की शुरुआत होगी। अंतिम शो रात 10.30 बजे शुरू होगा। इस दौरान हिंदी में राजी, 102 नॉट आउट और रेंजर फिल्म चलेगी। जबकि अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषा में डेडफूल-टू चलेगा। इसके अलावा बंगाली भाषा में हामी फिल्म चलेगा। फिल्म के लिए नॉर्मल, एक्सक्लूजिव, प्रीमियम और वीआईपी कटेगरी की टिकट है। एक टिकट की कीमत 118 रुपए से लेकर 450 रुपए रखा गया है।
मॉल के निर्माण में झा की प्रतिभा दिख रही है: सीपी
पी एंड एम हाईटेक सिटी सेंटर मॉल और पीजेपी सिनेमा दोनों ही झारखंड में एक अनोखा और अद्भुत मॉल है। इस मॉल के निर्माण में फिल्म निर्माता प्रकाश झा की प्रतिभा दिख रही है। यह बातें झारखंड के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहीं। वे गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित मॉल में पीजेपी सिनेमा हॉल के उद्घाटन समारोह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मंत्री सरयू राय, सांसद विद्युत वरण महतो, मॉल के पार्टनर प्रकाश झा, राजकुमार अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आलोक चौधरी, महासचिव प्रभाकर सिंह आदि थे।