लोगों को नहीं मिल रहा शहरी जलापूर्ति का लाभ
जामताड़ा|मिहिजाम नगर परिषद में शहरी जलापूर्ति योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल पाने को लेकर समाजसेवी ओंकार सिंह ने उपायुक्त को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि शहरी जलापूर्ति का नियमित सप्लाई नहीं होने से लोगों को डब्बा बंद पानी खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण फीडर में नियमित बिजली नहीं मिलने के कारण गर्मी के दिनों में लो वोल्टेज की समस्या अधिक रहती है। जिससे पानी टंकी में पानी नहीं पहुंच पाता है। इसका असर सप्लाई पर देखा जाता है। उन्होंने कहा कि सप्लाई पानी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद मिहिजाम द्वारा अविलंब जनरेटर की खरीदारी की जाए। ताकि लोगों को पेयजल समस्या से निजात मिल सके। पानी सप्लाई के लिए कहीं भी मीटर की व्यवस्था नहीं की गई है। बिजली की व्यवस्था भी नियमित नहीं है। उन्होंने मांग किया कि शहर के चौक चौराहों पर टाइम नल की व्यवस्था की जाए ताकि राहगीरों को आसानी से पेयजल मिल सके। उन्होंने मिहिजाम नगर परिषद एवं विद्युत विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार की भी जांच करने की मांग की है।