जस्टिस फाॅर आसिफा के लिए जामताड़ा में जुलूस 21 अप्रैल को
आगामी 21 अप्रैल को झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस जिला जामताड़ा के बैनर तले गांधी मैदान जामताड़ा से अनुमंडल कार्यालय जामताड़ा तक बलात्कार पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के लिए जुलूस निकाला जाएगा। जिसका नाम होगा जस्टिस फाॅर आसिफा।
इस बारे में जानकारी देते हुए झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस के जिलाध्यक्ष डॉ. अब्दुल मन्नान अंसारी ने कहा कि इस जुलूस के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति से मांग की है कि जम्मू के कठुआ में आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए बलात्कार और जघन्य हत्या, उन्नाव में भाजपा विधायक द्वारा बलात्कार, सासाराम में सात वर्षीय मासूम बच्ची से बलात्कार और हत्या, रांची में बलात्कार के बाद जलाकर मारने, पाकुड़ में बलात्कार व हत्या, कानपुर में चार वर्षीय मासूम बच्ची से बलात्कार और हत्या, सूरत में आठ वर्षीय मासूम बच्ची से बलात्कार व हत्या और भी पूरे भारत वर्ष में अनगिनत लगातार बलात्कार व हत्याएं हो रही है। इन तमाम मामलों को फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वारा सुनवाई करते हुए तीन महीने में दोषियों को सजा सुनाई जाए। कहा कि कानून में बदलाव करते हुए बलात्कार व हत्या जैसे जघन्य अपराधों को रेयर ऑफ रेयरेस्ट मामला मानते हुए इस तरह के जुर्म करने वालों को फांसी की सजा दी जाए। इसलिए 21 अप्रैल 2018 शनिवार को सुबह 10 बजे गांधी मैदान जामताड़ा पहुंच कर जस्टिस फॉर आसिफा जुलूस को कामयाब बनाएं।