पारा शिक्षकों काे पिछले 5 माह से मानदेय नहीं मिला है। जिस कारण पारा शिक्षक भुखमरी के कगार पर है। सोमवार को जामताड़ा एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के सदस्य इरफान अंसारी ने बताया कि पिछले 5 माह से पारा शिक्षकों काे मानदेय नहीं मिला है। मानदेय नहीं मिलने के कारण कई पारा शिक्षकों के समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि अभी रमजान का पाक महीना चल रहा है। लेकिन रोजा इफ्तार करने के लिए पारा शिक्षकों के पास पैसे नहीं रहने के कारण काफी परेशानी हो रही है। कहा कि कुछ ही दिनों बाद ईद आने वाली है ऐसे में पारा शिक्षक करें तो क्या करें। उन्होंने कहा कि कोई भी त्याेहार हो पारा शिक्षकों को त्याेहार में मानदेय नहीं मिलने से अच्छे तरीके से त्याेहार नहीं मना पाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पारा शिक्षकों के साथ गंभीर नहीं है। अगर यही स्थिति रहा तो आने वाले समय में पारा शिक्षकों के समक्ष कोई भी घटना घटने की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा 20 मई तक मानदेय मिलने का भरोसा दिलाया था। लेकिन अभी तक मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया है।