निर्माणाधीन पीएम आवास को जल्द पूरा करें
नगर पंचायत जामताड़ा के अध्यक्ष रीना कुमारी ने नगर के विभिन्न वार्डों में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना का निरीक्षण किया। इस क्रम में वार्ड संख्या 10 राखवन मुहल्ले का जायजा मंगलवार को लिया। अध्यक्ष ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नगर के सभी गरीबों को मिले। कहा कि जिनका आवास निर्माणाधीन है, वे बरसात के पूर्व आवास पूर्ण करा लें। इस संबंध में नगर प्रबंधक को भी आवश्यक निर्देश दिया गया है। कहा कि लाभुकों के साथ सामंजय बनाकर युद्धस्तर पर निर्माण कार्य कराया जाना है।
अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने जिस उद्देश्य से उन्हें अध्यक्ष पद पर काबिज किया है, उस पर खरा उतरने के लिए तत्पर रहती हूं। कहा कि पिछले कार्यकाल की तरह ही नगर पंचायत जामताड़ा में विकास की गति को ओर तेजी से करते हुए जामताड़ा को झारखंड के माॅडल शहर के रुप शुमार करना ही उद्देश्य है। रीना ने कहा कि नगर की जनता को एक बड़ी सौगात देने में वे लगी है। पूर्व से स्वीकृत बाजार हटिया स्थित सब्जी मंडी में आधुनिक सब्जी मार्केट कांप्लैक्स निर्माण के लिए संबंधित कंसटेंसी को डीपीआर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। कहा कि उक्त योजना के लिए वर्तमान में 40 करोड़ की राशि स्वीकृत कराया गया है। अविलंब इस अधूरे महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारा जाएगा। कहा कि उक्त सब्जी मार्केट चार मंजिला होगी। इसमें अलग-अलग फ्लोर में सब्जी विक्रेता, मछली विक्रेता, मांस विक्रेता के साथ-साथ शापिंग माॅल की व्यवस्था होगी। मार्केट में नगरवासियों को दैनिक उपयोगी प्रायः सभी सामग्री की स्टाॅल मिलेगी। कहा कि यह आधुनिक सब्जी मार्केट भव्य एवं सुविधा से लैस होगी। प्राथमिकता की चर्चा करते हुए कहा कि पूर्व के सभी दीर्घकालीन योजनाओं को यथाशीघ्र धरातल पर लाया जाएगा। मौके में कोकिल बाउरी, वीरेन बाउरी, दीपु बाउरी, अनिमा बाउरी, फुचु बाउरी, सुबोध बाउरी, शेफाली बाउरी, संक्राति बाउरी, बुधनी बाउरी, मंगली बाउरी, नेपाल बाउरी, उत्तम बाउरी आदि लोग उपस्थित थे।
पीएम आवास का निरीक्षण करतीं नपं अध्यक्ष व अन्य।