मानदेय की मांग पर बैठक करते पंचायत सचिवालय के स्वयं सेवक।
सिटी रिपोर्टर|जामताड़ा
झारखंड प्रदेश पंचायत सचिवालय स्वयं सेवक संघ की बैठक शनिवार को गांधी मैदान में हुई। जिसकी अध्यक्षता माणिक चंद्र दत्त ने किया। बैठक में समान काम के बदले समान वेतन व स्वयं सेवकों को प्रोत्साहन राशि के स्थान पर उचित मानदेय दिए जाने की मांग की गई। कहा गया कि यदि सरकार मांगों को नहीं मानती है तो पांच जून को राजभवन के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए जामताड़ा प्रखंड पंचायत सचिवालय स्वयं सेवक संघ के सचिव शमीम अंसारी ने कहा कि सरकार स्वयं सेवकों के लिए मॉनिटरिंग सेल का गठन करें। जिसमें स्वयं सेवकों को प्रोत्साहन राशि के साथ साथ उनकी समस्याओं का निवारण किया जा सके। पंचायत स्वयं सेवकों ने सशक्त गांव, सशक्त राज एवं सशक्त पंचायत को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने में अपनी भूमिका का निर्वहन किया है। सरकार के लोक कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है। परंतु स्वयं सेवकों को उनके द्वारा किए गए कार्यो जैसे-विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन, जियो टैगिंग आदि का भुगतान नहीं किया गया है। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जाति, आय, आवासीय, शौचालय एवं कौशल विकास कार्यों के निष्पादन में स्वयं सेवकों की भूमिका अहम रही है। परंतु स्वयं सेवकों को आज भी एक निश्चित मानदेय नहीं दिया जा रहा। मांगों को नहीं माना गया तो पांच जून को राजभवन का घेराव करेंगे। मौके पर कोषाध्यक्ष राम प्रसाद भंडारी, कोकिल कुंभकार, मीरा कुमारी, दिलीप मंडल, कमरुद्दीन अंसारी, सुनील साव, प्रमोद कुमार यादव, अशोक मंडल, चंदन कुमार मंडल, राकेश मरांडी आदि मौजूद थे।