पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पीएम आवास की स्वीकृति में देरी पर छह प्रखंडों के बीडीओ का वेतन बंद

पीएम आवास की स्वीकृति में देरी पर छह प्रखंडों के बीडीओ का वेतन बंद

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उपायुक्त आदित्य कुमार आनंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने पीएम आवास योजना की धीमी गति को गंभीरता से लिया। उन्होंने जिले के सभी छह प्रखंड के बीडीओ का वेतन आवास योजना में शत प्रतिशत लाभुकों की स्वीकृति मिलने तक बंद रखने का आदेश दिया। कहा कि पीएम आवास में चालू वित्तीय वर्ष में लाभुकों को पीएम आवास की स्वीकृति निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। जिसे तत्काल पूर्ण करने का निर्देश डीसी ने दिया। सदर प्रखंड जामताड़ा और कुंडहित प्रखंड में पीएम आवास योजना की धीमी गति पर उन्होंने प्रखंड समन्वयक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश बैठक में दिया।

डीसी ने मनरेगा तथा पीएम आवास योजना के विभिन्न रिक्त पदों का पैनल तैयार करने का निर्देश दिया। जबकि गत बैठक के निर्देश का अनुपालन करने में शिथिलता बरतने वाले बीडब्ल्यूओ व अन्य पदाधिकारियों को चिह्नित कर कार्रवाई करने को कहा। मौके पर भूमि संरक्षण विभाग, कृषि, पशुपालन, मनरेगा, बिजली सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान डीसी ने सभी विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 24 मई को जंतु संचरण दिवस मनाया जाएगा। इसलिए उस दिन सभी नई योजनाओं पर कार्य शुरू होना है। सभी विभाग के पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मानसून से पूर्व सभी तालाब, डोभा निर्माण व जीर्णोद्धार का कार्य हर हाल में पूर्ण कर लें। भूमि संरक्षण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि बरसात से पूर्व कराए जाने वाले 150 तालाबों के जीर्णोद्धार कार्य की शुरूआत 24 मई को कराएं तथा उसे मानसून से पूर्व पूर्ण करें। साथ ही निर्देश दिया कि तालाब जीर्णोद्धार कार्य में हर स्तर का फोटोग्राफी कराएं ताकि यह पता चल सके कि तालाब का जीर्णोद्धार कार्य सही ढंग से किया जा रहा है। या राशि का बंदरबांट किया जा रहा है। सभी बीडीओ तथा लाइन विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसंवाद में जिस गांव में सिंचाई संबंधी शिकायत आ रही है। वहां जाकर स्थल निरीक्षण करें तथा अगर ऐसा लगता है कि वहां तालाब का निर्माण कराना जरूरी है तो उसका कागजात प्रस्तुत करें तथा जल्द से जल्द उस पर कार्य शुरू कराएं। निर्देश के बावजूद भी करमाटांड़ बीडीओ द्वारा तालाब का निरीक्षण नहीं करने पर उपायुक्त ने उन्हें जमकर फटकार लगाया तथा सही ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया। मौके पर सभी विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिला समन्वय समिति की बैठक में निर्देश देते उपायुक्त और शामिल अन्य पदाधिकारी।

खबरें और भी हैं...