जयंती पर पामगढ़ पहुंचे कांग्रेस, जोगी, बसपा के नेता
भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाने के लिए इस बार प्रदेश की तीन प्रमुख दलों ने पामगढ़ को चुना। जहां से तीनों ही दलों के नेताओं ने यह संकेत देने का प्रयास किया कि उनकी ही पार्टी अनुसूचित जाति वर्ग के हितों की रक्षा कर सकती है। जोगी कांग्रेस ने आरक्षण मुद्दे पर केंद्र व राज्य सरकार को घेरने की कोशिश की तो बसपा ने दोनों ही दलों को अजा वर्ग का विरोधी बताया जबकि कांग्रेस के नेता ने फिर एक बार सभी को साथ चलने का आह्वान किया।
चुनावी साल में पार्टी को अनुसूचित जाति के हितैषी दिखाने की होड़, तीन अलग अलग स्थानों में हुआ जयंती समारोह का आयोजन
अपने क्षेत्र में कभी आयोजन नहीं किया अब है वोट पर नजर: भीमराज
सुबह सतनाम भवन में बहुजन समाज पार्टी के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया जो दिन भर चला। यहां पूर्व विधायक दूजराम बौद्ध व प्रभारी भीम राजभर ने लोगों को संबोधित किया। भीमराज ने भूपेश बघेल और अजीत जोगी दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दोनों नेताओं ने कभी अपने अपने विधान सभा क्षेत्रों में बाबा साहब अंबेडकर की जयंती का आयोजन नहीं किया अब अंबेडकर के बहाने अनुसूचित जाति वर्ग के वोटों पर इनकी नजर है। उन्होंने कहा कि बसपा में नेता नहीं केडर देखा जाता है।
कांग्रेस गांधी, अंबेडकर और घासीदास तीन बाबा को ही मानती है: भूपेश
कांग्रेस द्वारा सद्भावना भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कांग्रेस के नए नारे समय है बदलाव का के साथ शुरूआत करते हुए कहा कि अब प्रदेश में बदलाव करना है तो अजा और अजजा वर्ग के लोगों को उनकी पार्टी के साथ आना चाहिए। उन्होंने बसपा के साथ समझौता की ओर फिर इशारा करते हुए सबको साथ चलने को कहा। अजा वर्ग को लुभाने के लिए कहा कि उनकी पार्टी केवल तीन बाबाओं को मानती है, जिसमें बाबा गुरु घासीदास, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और गांधी बाबा शामिल हैं।
जोगी हैं बाबा के संविधान के अनुसार काम करने वाले नेता: धर्मजीत
ब्लॉक कॉलोनी में आयोजित छग जनता कांग्रेस जोगी के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मजीत सिंह ने अपनी पार्टी के मुखिया अजीत जोगी को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और गुरू घासीदास का सच्चा अनुयायी बताया। उन्होंने कहा कि श्री जोगी बाबा साहब के लिखे संविधान के अनुसार काम करने वाले नेता है। उन्होंने भीड़ से उनकी सरकार बनाने को कहा। धर्मजीत ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी द्वारा आरक्षण में कटौती करके अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की भावनाओं के साथ खेलने का प्रयास किया जा रहा है।