भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
घर की छत में बाउंड्रीवॉल नहीं थी। रात में छत में सोया युवक पेशाब करने के लिए उठा और नीचे गिर गया। सुबह घर के लोगों ने उसकी लाश देखी। इसी प्रकार एक युवक ट्रैक्टर से मुरूम खाली करते समय करेंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। इसी तरह अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई।
इस बार शनिवार का दिन जिले के लिए अच्छा नहीं गुजरा। अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं में पांच लोगों की जान गई। पहली घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी की है। टीआई हरीश टांडेकर ने बताया कि दुखुराम के घर में विवाह हो रहा है। शुक्रवार की रात कुछ मेहमान घर के अंदर सोए थे और कुछ मेहमानों के साथ दुखुराम घर की छत में सोया था। घर की छत में बाउंड्री वॉल नहीं थी। रात में वह पेशाब करने के लिए उठा और नीचे गिर गया। घटना की जानकारी रात में किसी को नहीं हुई। सुबह उसे लोगों ने मृत देखा।
आम तोड़ने चढ़ा, डाल टूटी गिरने से मौत - मालखरौदा थाना क्षेत्र के अमलीडीह निवासी दिनेश कुमार चंद्रा (36) अपने मामा गांव करीगांव गया था। शनिवार को आम तोड़ने के लिए पेड़ में चढ़ा और आम की डाल टूटने से वह नीचे गिर गया। उसे गंभीर चोट आई, इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
मुरूम खाली करते छू लिया बिजली तार-सकर्रा निवासी विशाल सिदार (32) कचंदा नगरदा में मनोज महंत के आटो सेंटर में बाइक बनाने का काम करता था। शनिवार को मनोज दुकान के सामने को पाटने के लिए मुरूम मंगाया था। हाइड्रोलिक ट्रैक्टर की ट्रॉली में कुछ मुरूम बच गया तो उसे खाली करने के लिए विशाल सिदार बिना चप्पल पहले फावड़ा लेकर ट्रैक्टर में चढ़ गया। वही पास से ही बिजली का तार गुजरा था। विशाल का पैर फिसला तो उसने खुद को गिरने से बचाने का प्रयास किया। उसने बिजली तार छू लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लिफ्ट लेकर जा रहा था गांव, ट्रैक्टर के नीचे आया - राजकुमार शनिवार को रायपुर से लौट रहा था। वह अपने गांव जाने के लिए रास्ते में जा रहे एक ट्रैक्टर में लिफ्ट लिया, पेंड्री पहुंचने के बाद वह उतर रहा था। वह ट्रैक्टर के चक्के के नीचे आ गया, ट्रैक्टर उसके ऊपर से गुजर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
दो नाबालिग आपस में टकराए एक की मौत
चांपा के मेन रोड में बाइक चालक दो नाबालिग आपस में टकरा गए। जहां एक नाबालिग की मौत हो गई। प्रदीप आर्य के अनुसार सिवनी निवासी किशोर दुर्गेश राठौर पिता सहदेव राठौर बाइक में सामान खरीदने गांव से चांपा आया था। गट्टानी लोहा दुकान के पास उसकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। जिससे दुर्गेश की मौत हो गई।