अपने बेटे की जमानत के लिए कोर्ट में फर्जी ऋणपुस्तिका प्रस्तुत करने वाले आरोपी पिता और उसके बेटे सहित एक अन्य मामले में फर्जी पर्ची प्रस्तुत करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
कोतवाली टीआई शीतल सिदार के अनुसार पुटपुरा के आरोपी वीरेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज था। उसकी जमानत कराने के लिए 8 मई 2018 को उसके पिता शत्रुहन खरसन ने अपने खेत की पर्ची तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश के कोर्ट में लगाई थी। उस पर्ची के आधार पर उसके बेटे वीरेंद्र की जमानत तो हो गई, लेकिन जब तहसीलदार से पर्ची की जांच कराई तो फर्जी निकली। इसके बाद तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर शत्रुहन खरसन और उसके बेटे वीरेंद्र कुमार के खिलाफ 16 मई को 420 का मामला दर्ज किया गया था। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 420 के एक अन्य प्रकरण में सीजेएम जांजगीर के आदेश पर फ़र्ज़ी ऋण पुस्तिका पेश कर जमानत कराने पर बस्ती बाराद्वार के रमेश कुमार सहगल के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोपी के विरूद्व अपराध साबित होने पर उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
फर्जी ऋण पुस्तिका से जमानत कराने के तीनों आरोपी