भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
चांपा रेलवे स्टेशन होकर कोरबा और सक्ती, बम्हनीडीह की ओर जाने वाले भारी वाहनों के शहर अंदर प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह रोक कोरबा- बिर्रा फाटक के पास बन रहे रेलवे के ओवरब्रिज का काम पूरा होने तक लगी रहेगी।
पुलिस ने शहर के अंदर से कोरबा और सक्ती, बिर्रा, बम्हनीडीह की ओर जाने भारी वाहनों को शहर के बाहर से निकालने के लिए रूट चार्ट बनाया है। छोटे और सवारी वाहनों को छूट दी गई है। बिर्रा फाटक के पास बन रहा वाया शेप रेलवे ओवरब्रिज का काम लंबे समय से अटका हुआ है। कलेक्टर नीरज बनसोड़ और एसपी श्रीमती नीतू कमल ने पिछले दिनों इसका निरीक्षण किया था और ठेकेदार को काम जल्दी पूरा करने का निर्देश कलेक्टर ने दिया था। रेलवे का काम 19 मई शनिवार से शुरू होगा। रेलवे का काम प्रभावित न हो इसके लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। भारी वाहनों के लिए डायवर्टेड रूट चार्ट बनाया गया है। इन्हीं सड़कों से अब भारी वाहनों को शहर से गुजरना होगा।
जानिए किधर से आने वाले वाहन कहां से निकलेंगे
1. सारागांव, सक्ती, बम्हनीडीह की ओर से कोरबा जाने वाले भारी वाहन पीआईएल रोड से गेमन पुल तक जाएंगे इसके बाद बाइपास से केबीसी बिल्डिंग होते हुए कोरबा की ओर जाएंगे।
2. जांजगीर की ओर से कोरबा जाने वाले वाहन थाना चौक, कोरबा पारा, विश्वेश्वरैया द्वार,परसुराम चौक, गौरव पथ, बस स्टैंड, नया कॉलेज रोड, कुरदा होते हुए कोरबा की ओर जाएंगे।
3. कोरबा और जांजगीर से सक्ती, रायगढ़, बम्हनीडीह की ओर जाने वाले भारी वाहन भी पीआईएल रोड से होते हुए ही गरजेंगे।
ये है वाय आकार का ओबी जिसका कलेक्टर एसपी ने 30 अप्रैल को निरीक्षण कर रूट डायवर्ट करने निर्देश दिया था।
शाम 4 से 9 बंद रहेगा प्रवेश
भारी वाहनों के कोरबा की आेर जाने के लिए जो रूट डायवर्ट किया गया है, वह रास्ता शहर का व्यस्ततम रास्ता है। इन रास्तों में गार्डन सहित शाम के समय ट्रैफिक हैवी हो जाता है, इसलिए शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक इन रास्तों से भारी वाहन नहीं गुजरेंगे। इसके बाद रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक फिर भारी वाहनों के लिए रास्ता खोल दिया जाएगा। सुबह 5 बजे से 11 बजे तक फिर आवाजाही पर रोक लग जाएगी।