भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
द्रोणिका का प्रभाव कम होने से तापमान में बढ़ोतरी हुई थी। तापमान 44 डिग्री तक पहुंच चुका था लेकिन बंगाल के ऊपर व आसपास ऊपरी हवा में चक्रवात बनने से शुक्रवार को देर शाम फिर एक बार मौसम में बदलाव अाया।
सात बजे के करीब ठंडी हवाओं के लिए हल्की बूंदाबांदी हुई जिससे तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हफ्ते दिन से अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने लगा था। इस बार मई महीने के बीते 18 दिनों में कई बार बेमौसम बारिश की स्थिति बनी है। मई महीने में अधिकतर शहर में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच जाता था जो इस बार 44 डिग्री के करीब ही हुआ है।
समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी आ रही
मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिम बंगाल के ऊपर और आसपास ऊपरी हवा में चक्रवात बना हुआ है। इसकी वजह से समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी आ रही है। इसकी वजह से प्रदेशभर में नमी बनी हुई है। चक्रवात के असर से अभी नमी रहेगी। इस वजह से प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दोपहर बाद या शाम-रात को हल्के बादल रहेंगे। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।