जमानत के लिए पेश की फर्जी पर्ची, जमानतदार सहित दाे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
जांजगीर | जमीन की फर्जी पर्ची और शपथ पत्र देकर जमानत कराने वाले और आरोपी के खिलाफ पुलिस ने चार सौ बीस का मामला दर्ज किया है। मामला कोतवाली थाना का है।
कोतवाली टीआई शीतल सिदार के अनुसार पुटपुरा के आरोपी वीरेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज था। हाईकोर्ट के दांडिक अपील क्रमांक 367/18 वीरेंद्र कुमार विरूद्ध छग राज्य में पारित आदेश के अनुसार वीरेंद्र कुमार को 25 हजार रुपए जुर्माना तथा उतनी ही राशि के बंध पत्र जमा करने पर जमानत मंजूर किया गया था। वीरेंद्र कुमार की जमानत लेने के लिए पुटपुरा के ही शत्रुहन खरसन ने अपनी पर्ची दी और जमानत करा ली। जमानत के बाद उसकी पर्ची की जांच तहसीलदार से कराई गई तो तहसीलदार ने पर्ची फर्जी होने की पुष्टि की। पुलिस ने फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर जमानत लेने वाले शत्रुहन खरसन और आरोपी वीरेंद्र कुमार के खिलाफ 420 का मामला दर्ज किया है।