सर्व आदिवासी समाज ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी गांव-गांव में पत्थर गाड़ कर रखेंगे आदिवासी परंपरा को कायम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आदिवासी समाज के लोग।
पत्थलगड़ी आंदोलन में नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में किया गया जेल भरो आंदोलन।
भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
जशपुर में पत्थलगड़ी आंदोलन करने वाले गिरफ्तार किए आदिवासी नेताओं की निशर्त रिहाई की मांग को लेकर मंगलवार को सर्व आदिवासी समाज द्वारा जेल भरो आंदोलन किया गया। इस आंदोलन में आदिवासियों ने सरकार पर आरोप लगाया कि जिस पत्थलगड़ी को संविधान के खिलाफ बताकर सरकार ने तोड़ने का काम किया है अब उस पत्थलगड़ी आंदोलन का विस्तार पूरे प्रदेश भर में होगा। गांव-गांव में पत्थर गाड़कर कर आदिवासी अपनी परंपरा को कायम रखेंगे।
आदिवासी समाज के प्रमुखों ने आरोप लगाया कि सरकार ने आदिवासियों पर अत्याचार किया है, जशपुर जिले में आदिवासियों के खिलाफ साजिश की गई है, जबरिया आदिवासियों को गिरफ्तार किया गया है। समाज प्रमुखों ने आरोप लगाया कि हमारी परंपराओं संस्कृति को तोड़ा जा रहा है। सरकार के खिलाफ आने वाले समय में हम प्रदेश भर में उग्र प्रदर्शन कर चक्का जाम और विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है। जेल भरो कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष गोविंद राम कंवर व राजेंद्र कुमार, खेदू कंवर जिला उपाध्यक्ष लाखन सिंह सिदार, रामनारायण मरावी, मानसिंह, जवाहर, अर्जुन पैकरा, उत्तर कुमार मरावी, भुवनेश्वर, दिलीप, शत्रुहन, लक्ष्मण, गोवर्धन, रामखिलावन, ईश्वर सिंह, मोहन, सहदेव, किशन, गजराज पैकरा, अयोध्या, मेहतर सिंह, मंगल सिंह, महावीर, संतोष राम, कमलेश सहित सामज के लोग शामिल रहे। पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल 37 लोगों को गिरफ्तार किया। राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया बाद में सबको रिहा कर दिया गया।