वायुसेना की भर्ती रैली : 5.40 मिनट में लगानी पड़ेगी 1.6 किमी दौड़, क्वालिफाई करने 20 बार पुश-अप
भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
भारतीय वायु सेना द्वारा ग्रुप वाय (आईएएफएस) की भर्ती रैली 16 से 21 मई तक रायगढ़ स्थित कलेक्टर कार्यालय के पास मिनी स्टेडियम में होगी। चयन प्रक्रिया में शारीरिक योग्यता परीक्षण के तहत अभ्यर्थी को 5.40 मिनट में 1.6 किमी दौड़ लगानी होगी। इसमें क्वालीफाई करने के लिए 20 पुश-अप, 20 सिट-अप और 8 चिन-अप भी पूरी करनी होगी। सुबह 4 बजे से आयोजित इस रैली में 13 जनवरी 1998 से 2 जनवरी 2002 के बीच जन्म लेने वाले अविवाहित युवक हिस्सा लेंगे।
45 मिनट की अवधि में देनी होगी लिखित परीक्षा : फिजिकल फिटनेस टेस्ट पास करने वाले अभ्यर्थियों की उसी दिन 45 मिनट की अवधि की लिखित परीक्षा होगी, अंग्रेजी, तर्कशक्ति और सामान्य ज्ञान से संबंधित होगी। इसके बाद 30 मिनट की अनुकूलन परीक्षा-1 होगी तथा अनुकूलन परीक्षा-2, अभ्यर्थी के साहस और हिम्मत की जांच के लिए डायनामिक फेक्टर टेस्ट लिया जाएगा। इसके बाद स्वास्थ्य जांच की जाएगी। रैली में शामिल होने वाले अभ्यार्थियों को 12 वीं की परीक्षा न्यूनतम 50 अंक तथा अंग्रेजी विषय 50 अंकों से उत्तीर्ण तथा उसकी ऊंचाई कम से कम 152.5 सेंटीमीटर होनी चाहिए। अभ्यर्थी को 10 पासपोर्ट साइज के नए रंगीन फोटो, 26×12 सेंटीमीटर साइज के 2 सफेद लिफाफे, 10वीं और 12वीं कक्षा के मूल प्रमाण पत्र सह अंकसूची ले जाना होगा। यदि कोई समस्या या कंफ्यूजन हो तो, वायु सैनिक चयन केंद्र, भोपाल, (एमपी) के फोन नंबर 0755-2661955 पर संपर्क करें। वायुसेना के वेबसाइट www.indianairforce.in पर भी है जानकारी उपलब्ध। विभाग के अफसरों ने कहा कि जिन अभ्यर्थी को 12वीं की मूल प्रमाण पत्र सह अंकसूची प्राप्त नहीं हुई हो तो, वे अभ्यर्थी ऑनलाइन रिजल्ट की प्रति स्कूल प्राचार्य से प्रमाणित कराकर रैली में भाग ले सकते हैं। जिन्होंने 12वीं की परीक्षा उक्त जिले से पास नहीं की है, उन्हें प्राधिकृत अधिकारी द्वारा जारी मूल निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने कहा गया है।