बाइक को ठोकर मार पेड़ से टकराई माजदा, दो की मौत
उरगा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार माजदा बाइक (मोपेड) को ठोकर मारने के बाद पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद माजदा चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
हादसे में मृत दोनों ग्रामीण शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर के लिए लौट रहे थे । उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांपा मार्ग पर सोहागपुर मोड़ के आगे मंगलवार की सुबह यह दुर्घटना हुई। कटबितला अंतर्गत ग्राम भैंसामुड़ा निवासी चैतराम (45) गांव में ही रहने वाले अपने साथी चंदराम के साथ बाइक पर सवार होकर जांजगीर-चांपा के बाराद्धार स्थित सरहुल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। सरहुल में चैतराम के ससुराल पक्ष के लोग रहते हैं। जहां मंगलवार को दोनों बाइक से ही अपने गांव भैसामुड़ा लौट रहे थे इस दौरान चांपा मार्ग पर जमनीपाली गांव मोड़ के पास एक तेज रफ्तार माजदा ने उनकी बाइक को ठोकर मार दिया और माजदा पेड़ से जा टकराई। इस घटना में गंभीर रुप से घायल चैतराम व चंदराम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंंच गई थी। माजदा चालक वाहन छोड़ भाग गया। पुलिस ने अारोपी चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।