बिजली खंभे को तोड़ने के बाद मकान से जा टकराया कोयले से भरा ट्रेलर
रायगढ़ | कोयले से भरे ट्रेलर के चालक ने पहले बिजली खंभे टक्कर मारकर तोड़ा, फिर एक मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना खरसिया चौकी की है। पुलिस आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि ट्रेलर क्रमांक सीजी 13 वीजी 8644 का चालक अशरफ खान शनिवार की रात छाल स्थित एसईसीएल की माइंस से कोयला लोड कर जांजगीर चांपा जा रहा था। रात्रि करीब 2.30 बजे रायगढ़ रोड मौहापाली काली मंदिर के पास मेन रोड किनारे स्थित रेशम पटेल के मकान एवं बिजली खंभे को क्षतिग्रस्त करते हुए ट्रेलर को बीच सड़क में पलट गई। इससे वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आरोपी चालक को कोई चोट नहीं आई। ट्रेलर मालिक की ओर से बिजली खंभे को क्षतिग्रस्त पहुंचाने के लिए 30 हजार बिजली विभाग को और मकान को नुकसान पहुंचाने पर मकान मालिक को Rs.65 हजार का जुर्माना अदा करने के बाद खरसिया चौकी में आरोपी चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कराया।