फेल स्टूडेंट्स को फिर परीक्षा देने का मौका, 25 मई तक लेंगे आवेदन
जांजगीर | माशिमं की बोर्ड परीक्षाओं में फेल हो चुके छात्र-छात्राओं को एक बार फिर से परीक्षा देने का मौका मिलने जा रहा है। क्रेडिट प्लान की इस योजना के तहत 25 मई तक आवेदन दे सकेंगे। 22 जून से 5 जुलाई तक ये परीक्षाएं ली जाएंगी। परिणाम जुलाई के बीच घोषित कर दिया जाएगा। क्रेडिट प्लान इस योजना का नाम है जिसे माशिमं ने इसी साल शुरू किया है। इस प्लान को लागू करने का एक उद्देश्य यह भी था कि असफल स्टूडेंट्स का एक साल बर्बाद ना हो। इसके अलावा फेल घोषित किए गए छात्रों को कमजोर विषय के लिए फिर से तैयारी का मौका मिले। जिले के शिक्षा अधिकारी कार्यालय को माशिमं का यह आदेश मिल चुका है।
ये क्रेडिट प्लान में शामिल
दसवीं और बारहवीं बोर्ड की परीक्षाओं में उन छात्र-छात्राओं को क्रेडिट प्लान का लाभ मिलेगा जिन्होंने कम से कम दो विषयों को पास कर लिया है शेष में अनुत्तीर्ण हैं। ऐसे स्टूडेंट्स को क्रेडिट प्लान योजना मेंदोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
चार बार मिलेगा मौका
योजना के तहत बोर्ड की परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को चार मौका दिया जाएगा। इसके लिए सभी ब्लॉकों में फार्म भरने की प्रकिया शुरु हो गई है। परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षार्थियों 25 मई तक फार्म निर्धारित शुल्क के साथ जमा कर सकते हैं। छात्रों ने इसका लाभ लेने के लिए फार्म जमा करना शुरू कर दिया है।