भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
अपनी मांगों को लेकर स्टाफ नर्सें चरणबद्ध हड़ताल पर हैंं। शुक्रवार से जिला अस्पताल की करीब 30 नर्सें अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाएंगे। लेकिन उनकी हड़ताल से जिला अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी क्योंकि अस्पताल प्रबंधन ने उनके विकल्प के रूप में 18 नर्सों की ड्यूटी लगाई हैं जो पूरी व्यवस्था देखेंगी।
दो सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं होने से स्टाफ नर्सें काफी समय से नाराज हैं। उनकी मांग ग्रेड-2 व ग्रेड-पे 4600 रुपए करने की है। इसके लिए उनके द्वारा समय समय पर आंदोलन किया जाता रहा है। मांगे पूरी नहीं होने से नाराज नर्सों ने छत्तीसगढ़ परिचारिका कर्मचारी कल्याण संघ के बैनर तले हड़ताल की में जाने की चेतावनी दी है। पिछले कुछ समय से काली पट्टी लगाकर वे काम कर रहीं थीं। शुक्रवार से उन्होंने काम के बहिष्कार की घोषणा की है। सीएमएचओ और जिला अस्पताल के सीएस को हड़ताल की जानकारी दी गई है।
18 नर्सों की लगाई ड्यूटी
नियमित व सीनियर नर्सों की हड़ताल से काम प्रभावित न हो इसलिए जिला अस्पताल में एसएनसीयू की 11 और 3 एनएचएम की नर्सों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके अलावा 4 नर्सें ऐसी हैं जो परीविक्षा अवधि में हैं इसलिए वे भी हड़ताल पर नहीं जाएंगी। 18 नर्सों की जिम्मेदारी जिला अस्पताल की होगी।
पूरी व्यवस्था है: सीएस
जिला अस्पताल के सीएस डॉ. एससी श्रीवास्तव का कहना है कि सीनियर नर्सों की हड़ताल से काम प्रभावित नहीं होगा। करीब 18 नर्सों की ड्यूटी लगाई गई है। उनका कहना है कि मरीजों का पूरा इलाज होगा, बहुत सीरियस केस होने पर ही रेफर करने की नौबत आएगी अन्यथा पूरी व्यवस्था है।