- Hindi News
- National
- दोहरा लाभ लेने वालों से न तो रिकवरी की, न ही उनका नाम बताया, अब डीईओ पर होगी कार्रवाई
दोहरा लाभ लेने वालों से न तो रिकवरी की, न ही उनका नाम बताया, अब डीईओ पर होगी कार्रवाई
भास्कर न्यूज | जांजगीर-चांपा
लोक संचालक ने पांच माह पहले निर्देश दिया था कि गलत तरीके से प्रतिनियुक्ति के दौरान वेतन और भत्ता लेने वाले मिशन के पूर्व एपीसी से 46 हजार की रिकवरी की जाए और उन अधिकारी और कर्मचारी के भी नाम बताए जाएं जिन्होंने इस प्रकार लाभ लिया है। डीईओ पांच माह में न तो वसूली कर सके और न ही नाम बता सके डायरेक्टर ने फिर पत्र लिखकर जानकारी मांगी है, इस बार उन्होंने डीईओ के खिलाफ ही कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
राजीव गांधी शिक्षा मिशन के पूर्व एपीसी प्रदीप शर्मा पर आरोप है कि बनारी से पदोन्नति के बाद उनकी पदस्थापना शासकीय हाईस्क्ूल खोखसा किया गया। लेकिन बनारी से बिना कार्यमुक्त हुए और खोखसा में पदभार ग्रहण किए बिना वे राजीव गांधी शिक्षा मिशन में प्रतिनियुक्ति पर चले गए। और गलत तरीके से प्रतिनियुक्ति में जाकर वेतन और भत्ते भी लिए। इस मामले की शिकायत के बाद हुई जांच में आरोप सही पाए जाने पर लोक शिक्षण संचालनालय के डायरेक्टर ने नवंबर में उनके द्वारा लिए गए भत्ते और वेतन की राशि की रिकवरी करने के लिए डीईओ जांजगीर को निर्देशित किया था। लेकिन डायरेक्टर के निर्देश के पांच माह बाद भी डीईओ सरकारी राशि की रिकवरी नहीं कर पाए हैं। डायरेक्टर ने फिर 10 अप्रैल को पत्र भेजा है, जिसमें स्पष्ट किया है कि चार माह बाद भी डीपीआई द्वारा मांगी गई जानकारी नहीं देकर डीईओ उनके आदेश की अवहेलना कर रहे हैं। इस बार डीईओ के खिलाफ ही कार्रवाई करने अल्टीमेटम दिया गया है।
भास्कर फालोअप
10 नवंबर को प्रकाशित समाचार
तकनीकी दिक्कत होने से वसूली नहीं हो पाई है
इस मामले की जांच कराई गई है। इसमें तकनीकी दिक्कतें होने के कारण अभी तक वसूली नहीं हो पाई है, फिर से पत्र मिला है, इस बार उनके वेतन से रिकवरी करने के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा। मामले में दोषियों को किसी हाल में अब बख्शा नहीं जाएगा। जीपी भास्कर, डीईओ, जांजगीर-चांपा।