हर गांव में बनेगी पांच दुकानें श्रमिकों को फ्री बांटी जाएंगी
जांजगीर-चांपा | असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए हर ग्राम पंचायत में पांच दुकानें बनाई जाएंगी। ये दुकानें नाई, धोबी, कुम्हार, लोहार, चर्मकार आदि को मुफ्त में दी जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस योजना को हरी झंडी दे दी है। चुनावी साल में सरकार ने श्रमिक वर्ग को साधने के लिए खजाना खोल दिया है।
छत्तीसगढ़ भवन व सन्नमिश्रण कल्याण मंडल और असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल द्वारा श्रमिकों के हित में अनेक योजनाएं लागू करने की तैयारी की जा रही है। श्रम विभाग ने गांव से शहरों में मजदूरी करने आने वाले लोगों को फ्री ट्रेन पास देने की योजना लागू की है। इसके तहत 150 किलोमीटर तक की दूरी रोजाना तय करने वाले श्रमिकों को मंथली सीजन पास दिए जा रहे हैं। श्रमिकों के बच्चों को स्कॉलरशिप देने की योजना पहले से चल रही है।
50 हजार तक अनुदान
श्रमिकों को ई-रिक्शा पर 50 हजार तक अनुदान दिया जा रहा है। जिनका पंजीयन श्रम विभाग में नहीं है वे भी पंजीयन कराकर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। श्रमिकों को अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ भी दिया जाएगा। प्रदेश की सभी 10 हजार 971 पंचायतों में श्रमिकों के लिए दुकानों का निर्माण किया जाएगा।