28 दिव्यांगों को ट्राइसिकिल बांटी, 1019 आवास के लिए नपा को मिले 11 करोड़
पीलियाखाल सौंदर्यीकरण के लिए 8 करोड़ की कार्ययोजना स्वीकृत होने के बाद 1 करोड़ 60 लाख रुपए नगरपालिका को मिल गए हैं। अगले माह स्वीमिंग पूल का भूमिपूजन होना है। इंडोर स्टेडियम की डीपीआर स्वीकृति के लिए शासन को भेजी है। शहर को झुग्गी मुक्त बनाने के लिए 409 आवास का काम अंतिम चरणों में चल रहा है। वहीं 1019 मकानों के लिए नगरपालिका को दूसरी किस्त के 11 करोड़ रुपए मिले हैं, अब आवास निर्माण का काम जल्द शुरू होगा।
यह बात नगरपालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने मंगलवार को सीताराम बाग में दिव्यांगों के मोटराइज्ड ट्राइसिकिल वितरण समारोह में कही। समारोह में 28 दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राइसिकिल दी गई। अतिथि थावरचंद गेहलोत ने कहा शासन मेला ढाेने की प्रथा को समाप्त करते हुए महिलाओं को 40 हजार रुपए देकर उन्हें रोजगार की ओर मोड़ने का प्रयास कर रही है। अब तक सरकार 11 लाख दिव्यांगों को ट्राइसिकिल वितरित कर चुकी हैं। विधायक डॉ.राजेंद्र पांडेय ने मुख्यमंत्री की असंगठित श्रमिक पंजीयन योजना के बारे में जानकारी दी। असंगठित मजदूरों से योजना का लाभ लेने की बात कही। उन्होंने बताया 15 अगस्त 2018 तक प्रदेश की सभी अवैध कॉलोनियों को वैध करने का निर्णय सरकार ने लिया है। नपाध्यक्ष दसेड़ा ने केंद्रीय मंत्री गेहलोत से आधुनिक अांबेडकर मांगलिक भवन के लिए 1 करोड़ की राशि दिए जाने और गरीब व्यक्तियों के घर के बाहर मैं गरीब हूं, लिखे शब्द मिटाने के आदेश की मांग की। संचालन अब्दुल हकीम खान ने किया। आभार घनश्याम सोलंकी ने माना।
ये रहे मौजूद - भाजपा जिलाध्यक्ष कानसिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष महेश सोनी, भाजपा नेता चंद्रप्रकाश ओस्तवाल, डॉ.दिलीप शाकल्य, देवेंद्र शर्मा, सुनील भावसार, नंदकिशोर महावर, शिवेंद्र माथुर, नागदा नपाध्यक्ष अशोक यादव सहित बंटी पितलिया, अनिल मेहता, नपा सीएमओ एपीएस गहरवार, स्वास्थ्य अधिकारी अशोक शर्मा, एसडीएम वीरसिंह चौहान, सीएसपी आशुतोष बागरी, नपा इंजीनियर महेश सोनी आदि मौजूद थे।
दिव्यांगों को ट्राइसिकिल बांटते केंद्रीय मंत्री, विधायक व अन्य अतिथि।