हमारे देश में मिलावटी खाद्यान्न और केमिकल व कीटनाशकों की अधिक मात्रा में उपयोग करके तैयार की फल-सब्जियों का कारोबार बढ़ रहा है। ये स्वास्थ के लिए हानिकारक है और कई बीमारियां फैल रही है। ऐसी स्थिति से निपटने और उपभोक्ताओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए कानून जरूरी है। हाल ही में केंद्र सरकार ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम में संशोधन के प्रस्ताव तैयार किए थे, इन्हें जल्द मान्यता देकर लागू करना चाहिए ताकि उपभोक्ता लाभांवित हो सके। हमारे देश में नागरिकों को विकसित देशों के समान अधिकार मिलना चाहिए।
यह बात राष्ट्रीय युवा उपभोक्ता संरक्षण पुरस्कार प्राप्त समाजसेवी एवं अभिभाषक चंद्रप्रकाश रामनानी ने सेंट पॉल स्कूल में आयोजित उपभोक्ता कार्यशाला में कही। जिला उपभोक्ता कल्याण संगठन एवं उपभोक्ता संरक्षण परिषद की संयुक्त कार्यशाला में उपभोक्ता संरक्षण परिषद अध्यक्ष एडवोकेट आई.पी. त्रिवेदी ने कहा ग्रामीण उपभोक्ताओं को जिला मुख्यालय की दूरी के कारण लाभ नहीं मिल पाता। इसलिए जिला उपभोक्ता न्यायालयों को महीने में सात दिन जिले की बड़ी तहसीलों में शिविर लगाकर काम करना चाहिए ताकि समान रूप से उपभोक्ताओं को लाभ मिल सकें। संस्था का प्रतिनिधिमंडल जल्द इसे लेकर सीएम से मिलेगा। प्रदेश अध्यक्ष आर.के. व्यास ने रजत जयंती समारोह मनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वानुमति से स्वीकार किया। जिला उपभोक्ता कल्याण संगठन की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुमन मेहता ने सदस्यों को सक्रिय रहने का आव्हान किया।
कार्यकारिणी गठित, पदाधिकारी व सदस्य मनोनीत
उपभोक्ता कल्याण संगठन जिलाध्यक्ष मेहता ने कार्यशाला के दौरान जिला सचिव पद पर रश्मि व्यास, उपाध्यक्ष कामिनी राठौर, संयुक्त सचिव राजलक्ष्मी चंद्रावत, कोषाध्यक्ष संतोष शर्मा का मनोनयन किया। साथ ही नगर इकाई की कार्यकारिणी गठित की। अध्यक्ष रश्मि पांडेय, उपाध्यक्ष मंजुला सेठिया, सचिव उषा सकलेचा, संयुक्त सचिव सना चौहान, सदस्य दिशा चावला, कोमल त्रिवेदी, नवनीता चौरसिया, मंजू पांचाल को मनोनीत किया है। छात्र-छात्रा उपभोक्ता जनजाग्रति समिति चेयरमैन नीलिमा देवेंद्र मूणत, जनहित समस्या निवारण समिति चेयरमैन कोमल त्रिवेदी, ग्रामीण जनजागृति चेयरमैन सना चौहान, चाइल्ड वेलफेयर समिति चेयरमैन दिशा चावला को नियुक्त किया है। उपभोक्ता संरक्षण परिषद अध्यक्ष अाई.पी. त्रिवेदी ने संयुक्त सचिव अशोक सेठिया, कोषाध्यक्ष राजेंद्र बरसोलिया को नियुक्त किया। संस्थापक सदस्य देवेंद्र मूणत, रामचंद्र निगम, भगवतीलाल भट्ट, अशोक मोगा, डॉ. आर.के. व्यास, अजय सकलेचा, मनीषा रामनानी, शंकरलाल चावला मौजूद थे।