पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • इनडोर स्टेडियम के प्रोजेक्ट में अड़चन, रहवासियों ने रुकवाया काम, अब दस्तावेज तलब करेंगे

इनडोर स्टेडियम के प्रोजेक्ट में अड़चन, रहवासियों ने रुकवाया काम, अब दस्तावेज तलब करेंगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इनडोर स्टेडियम प्रोजेक्ट की राह में एक के बाद एक रोड़े अटक रहे हैं। पहले यहां काबिज अतिक्रमणकर्ता हटने को तैयार नहीं था। इससे प्रोजेक्ट सालभर लेट हुआ। 27 अप्रैल को बमुश्किल प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया। यहां निर्मित पुराना भवन ध्वस्त कर दिया लेकिन इस खाली भूमि पर नगरपालिका अब तक वायर फेंसिंग तक नहीं कर पाई। आसपास के लोग विवाद कर रहे हैं। सोमवार सुबह कुछ लोगों ने बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए खोेदे गड्ढे ही बंद कर दिए। स्वत्व को लेकर पूर्व पार्षद द्वारा लगाया वाद न्यायालय में लंबित है, वह अलग। इस तरह इनडोर स्टेडियम प्रोजेक्ट मूर्त रूप लेने की बजाय विवादों में घिरा हुआ है।

चौपाटी मुक्तिधाम रोड किनारे खारीवाल कॉलोनी के पास जावरा क्लब नाम से स्थित करीब दो बीघा से ज्यादा भूमि इनडोर स्टेडियम के लिए प्रस्तावित है। पहले यह नजूल के पास थी लेकिन अप्रैल 2017 में कलेक्टर ने इसे नपा को इनडोर स्टेडियम के लिए आवंटित कर दी। इसके बाद नपा को यहां इनडोर प्रोजेक्ट का काम शुरू करना था लेकिन अतिक्रमणकर्ताओं के कारण सालभर तक तो नपा कब्जा भी नहीं ले पाई। आखिर तहसील कोर्ट में चले प्रकरण के निराकरण के बाद 27 अप्रैल को राजस्व एवं नपा अधिकारियों ने दलबल के साथ मौके पर जाकर अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। उसी दिन नपा को कब्जा मिल गया लेकिन अब तक नपा यहां बाउंड्रीवॉल या वायर फेंसिंग के साथ प्रोजेक्ट से जुड़ा कोई काम नहीं कर पाई है।

आसपास के लोग जगह खाली छोड़ने को लेकर ले रहे आपत्ति

यहां बने भवन व अन्य निर्माण 27 अप्रैल को ध्वस्त कर दिए थे। इसके बाद से अब तक नपा यहां वायर फैंसिंग तक नहीं कर पाई। फोटो | भास्कर

कमेटी दस्तावेज जांचेंगी, नहीं माने तो थाने में देंगे आवेदन

नगरपालिका प्रभारी सीएमओ अशोक शर्मा ने बताया आसपास के लोग लगातार आपत्ति ले रहे हैं। सोमवार को कुछ लोगों ने गड्ढे बंद कर दिए। इसके बाद नपा कर्मचारियों की कमेटी बनाई है जो आपत्तिकर्ताओं की रजिस्ट्री व मालिकाना हक संबंधी दस्तावेज तलब करेगी। जांच के बाद यदि निजी भूमि नहीं निकली और फिर भी लोगों ने रोड़े अटकाए तो थाने में उनके खिलाफ एफआईआर के लिए आवेदन दिया जाएगा।

जावरा क्लब भूमि के आसपास के लोग घरों के बाहर जगह खाली छुड़वाने के लिए आपत्ति ले रहे हैं। वे चाहते है कि नगरपालिका रोड से जगह छोड़कर निर्माण करें। नपा का कहना है जितनी जगह इनडोर स्टेडियम के लिए आवंटित हुई है, उतनी कब्जे में लेंगे और प्रोजेक्ट के लिए जरूरी है। कम जगह में प्रोजेक्ट प्रभावित हो सकता है। पखवाड़ेभर पहले खारीवाल कॉलोनी के लोगों ने आपत्ति ली थी तो हैंडपंप के आसपास की जगह छोड़कर बाकी जगह में निर्माण पर सहमति बन गई लेकिन जैसे ही नपा ने बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए गड्ढे खोदे दूसरी तरफ के लोगों ने सोमवार सुबह गड्ढे बंद कर दिए। वे काम नहीं करने दे रहे। इस कारण नपा के कांट्रेक्टर कर्मचारी समेत वहां से लौट गए।

केवल साइट प्लान बनाकर अप्रूवल के लिए भेजा, डीपीआर का काम तक शुरू नहीं हुआ

नपा इंजीनियर महेश सोनी ने बताया जहां इनडोर स्टेडियम बनना है, वहां का साइट प्लान बनाकर अप्रूवल के लिए नगर एवं ग्राम निवेश विभाग रतलाम भेज दिया है। अप्रूवल के बाद डीपीआर का काम शुरू होगा। इसमें एक-दो महीने लगेंगे। फिर तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति ली जाएगी। तब जाकर टेंडर होंगे और काम शुरू होगा। जमीन संबंधी विवाद अपनी जगह है लेकिन प्रोजेक्ट को गति देने व डीपीआर जल्द बनवाने का प्रयास करेंगे।

खबरें और भी हैं...