नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष मोहम्मद मुस्तकीम मंसूरी ने सोमवार को सीएमओ के नाम पत्र लिखा। इसमें बताया कि नगर में सैकड़ों आवासहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित किया। उन्हें अनुदान राशि जारी कर दी लेकिन भवन निर्माण की अनुमति समय पर नहीं मिलने से वे काम शुरू नहीं कर पाए। महीनेभर बाद बारिश शुरू हो जाएगी। समय रहते परमिशन नहीं मिली और वे मकान निर्माण नहीं कर पाए तो दिक्कत होगी। कई लोगों ने अनुमति मिलने के इंतजार में पुराने कच्चे घर तोड़ दिए और यहां-वहां किराए के घरों में रह रहे हैं। कई लोगों के पट्टे की समस्या हल नहीं हुई है। जो पट्टेदार मर गए, उनके पट्टे वारिसों को ट्रांसफर होना है लेकिन नपा गंभीरता से काम नहीं कर रही। भवन निर्माण की अनुमति और पट्टे संबंधी समस्या का निराकरण करें ताकि हितग्राही परेशान नहीं हो।