जावरा | सिटी थाना पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को तीन दिनी रिमांड के दौरान पूछताछ पूरी होने पर सोमवार को जेल भेज दिया।
सिटी थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने बताया 18 मई को अजमेरी गेट क्षेत्र से बाइक सवार सलमान पिता मोहम्मद नजीर व अनवर उर्फ अन्नू पिता अकरम मंसूरी दोनों निवासी ताल को गिरफ्तार किया था। इनसे एक-एक पिस्टल व कारतूस जब्त हुए थे। इन्होंने ताल के अन्य आरोपी अमजद, आसिफ, आकाश उर्फ नारू, टीपू एवं वाजिद को हथियार बेचने की बात कही थी। इस पर पुलिस ने अमजद, नारू, आसिफ को गिरफ्तार कर लिया और कब्जे से हथियार बरामद कर लिए, टीपू व वाजिद फरार है। इनकी गिरफ्तारी तथा और हथियारों के बारे में पूछताछ के लिए पुलिस ने आरोपी सलमान को तीन दिन के रिमांड पर लिया था लेकिन पूछताछ में कोई खास जानकारी सामने नहीं आई। आरोपियों ने सिंघाना के सिकलीगर से 5 हजार में हथियार खरीदकर 10 से 15 हजार में बेचने की बात कही थी। इसलिए पुलिस टीम ने सिंघाना पहुंचकर सिकलीगर व अन्य सप्लायरों की तलाश की लेकिन वहां भी कोई हाथ नहीं आया। सोमवार को सलमान का रिमांड पूरा होने पर उसे फिर से कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया है।