- Hindi News
- National
- मंडी व्यापारी व भाजयुमो नेता पर गोली चलाने वाले आरोपी व दो लुटेरे गिरफ्तार
मंडी व्यापारी व भाजयुमो नेता पर गोली चलाने वाले आरोपी व दो लुटेरे गिरफ्तार
रामबाग क्षेत्र में 4 मई को लूट की वारदात के बाद पीछा करते वक्त मंडी व्यापारी सुरेश पाटनी और भाजयुमो नेता राहुल उपमन्यु पर फायर करने वाले आरोपी आसिफ को सिटी पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे वारदात में इस्तेमाल पिस्टल व एक जिंदा राउंड जब्त किया। अब पिपलौदा पुलिस ने एक अन्य लूट मामले में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। इधर आईए पुलिस ने पोल्ट्रीफार्म कर्मचारियों से हुई लूट मामले में फरार दो आरोपियों को मंगलवार दोपहर पकड़ लिया है। इन्होंने प्रारंभिक पूछताछ में फॉर्म कर्मचारी की भूमिका संदेहास्पद बता दी। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सीएसपी आशुतोष बागरी ने बताया 4 मई को रामबाग क्षेत्र में मंडी व्यापारी सुरेश पाटनी के साथ तीन आरोपी नूरा उर्फ नूर मोहम्मद निवासी बरगुंडापुरा, लियाकत खां पठान एवं आसिफ पिता पप्पन खां निवासी नौगांव राजस्थान ने लूट की थी। इसके बाद जब ये तीनों आरोपी भाग रहे थे, तब व्यापारी पाटनी व भाजयुमो नेता राहुल उपमन्यु ने अन्य लोगों की मदद से नूरा व लियाकत को पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपी आसिफ पिता पप्पन खां दोनों पर पिस्टल से फायरिंग करते हुए भाग निकला था। तब से उसकी तलाश थी। पुलिस ने कई बार उसके घर, रिश्तेदारी में मंदसौर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। सिटी पुलिस व एसआईटी टीम ने मिलकर सुराग जुटाए। सोमवार को सूचना मिली कि आसिफ एक बस में बैठकर मंदसौर से जावरा तरफ आ रहा है। पुलिस ने भीमाखेड़ी फाटक चौराहे पर नाकेबंदी की। जैसे ही बस आई तो सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों ने चैकिंग शुरू कर दी। इस बीच आराेपी आसिफ बस के पीछे गेट से उतरा और सिटी तरफ भाग निकला। कड़ी मशक्कत के बाद उसे हाथीखाना समीप से पकड़ लिया गया। इसके बाद थाने लाए और पूछताछ की। आरोपी आसिफ के कब्जे से पिस्टल जब्त की है। सिटी थाना प्रभारी एस.सी. शर्मा ने बताया आरोपी आसिफ को मंगलवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे पिपलौदा थाना पुलिस ने रिमांड पर लिया है। जबकि पाटनी वाली वारदात में रैकी करने वाला चौथा आरोपी यूसुफ पिता सईद खां निवासी जावरा है, जिसे 9 मई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
उपरवाड़ा लूट मामले के रुपए वसूलना बाकी
19 जुलाई 2017 को ग्राम उपरवाड़ा पंचायत भवन में बिजली कंपनी के बिल जमा काउंटर से चार बदमाश फायरिंग करते हुए 3 लाख 86 हजार 368 रुपए लूट गए थे। इस वारदात में शामिल पांच आरोपियों में से नूरा, लियाकत के साथ ही शमशेर उर्फ कुक्कू निवासी उपरवाड़ा, दरयाबसिंह गुर्जर निवासी उपरवाड़ा पहले ही गिरफ्तार हो चुके है, लेकिन इनसे लूटे गए सारे रुपए बरामद नहीं हुए। इसी लूट में आरोपी आसिफ पिता पप्पन खां निवासी नौगांवा भी शामिल था। इसलिए पिपलौदा पुलिस ने अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि रुपए बरामद किए जा सकें।
पोल्ट्रीफार्म का ही एक कर्मचारी निकला भेदी
17 अप्रैल 2018 को ताल रोड इस्लामनगर स्थित मौलाना पोल्ट्रीफार्म के कर्मचारी जाहिद व चंदू शाह के साथ दो बाइक सवारों ने मारपीट कर 62 हजार रुपए लूट लिए थे। मुख्य आरोपी नूरा उर्फ नूर मोहम्मद जेल में है जबकि रवि पिता हरीश (25) निवासी महावीर कॉलोनी, भूरा पिता चंदू खां पठान (24) निवासी नजरबाग फरार थे। दोनों को आईए पुलिस ने मंगलवार दोपहर अरनियापीथा नई मंडी के पीछे से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी डी.के. जोशी ने बताया रवि व भूरा को बुधवार दोपहर कोर्ट में पेश करेंगे। प्रारंभिक पूछताछ में पोल्ट्रीफार्म के एक कर्मचारी की भूमिका का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कर्मचारी और नूरा की पहचान है और उसने ही रुपए का भेद बताया। हालांकि कर्मचारी की भूमिका को लेकर पुलिस दिनभर बयान बदलती रही। थाना प्रभारी ने बताया रवि व भूरा 5 जून 2017 को नयापुरा में गफ्फार भाई पोल्ट्रीफार्म के कर्मचारियों से हुई 25 हजार की लूट में भी शामिल हंै।