68 पंचायत के जीआरएस हड़ताल पर गए, मनरेगा व अन्य काम होंगे प्रभावित
नियमितिकरण की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी आव्हान पर सभी पंचायतों के जीआरएस मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। उनके हड़ताल पर जाने से जनपद के कई काम प्रभावित होंगे। विशेष तौर से आवास योजना, मनरेगा और मस्टर संबंधी कामों में दिक्कत आएगी। ग्राम रोजगार सहायकों ने जनपद के बाहर परिसर में बैठकर धरना प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जब तक सरकार हमें नियमित नहीं करेगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
ब्लॉक की 68 जनपद में 147 गांव लगते हैं। सभी कामों में अभी नए वित्तीय वर्ष के काम चल रहे हैं। इधर नियमितिकरण के लिए अब ग्राम रोजगार सहायक मैदान में आ गए हैं। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी, तब तक वे पंचायत का कोई काम नहीं करेंगे। उनके हड़ताल पर जाने से जिन कामों का लक्ष्य तय, उन्हें पूरे करने में समय लगेगा। अभी पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 735 आवास बनना है। इनमें से अधिकांश की पहली व दूसरी किस्त जारी हो गई है। जिनके जीयो टैगिंग का काम जीआरएस का है। जब तक वे फोटो खिंचकर साइट पर अपलोड नहीं करेंगे, तब तक हितग्राही को आवास की अगली किस्त नहीं मिलेगी। निर्माण कार्यों में मस्टर से भुगतान का काम भी जीआरएस के पास है। ऐसे में इस काम के साथ अन्य काम भी प्रभावित होंगे।
जनपद परिसर में हड़ताल पर बैठे पंचायत जीआरएस।