रमजान कल से, महीनेभर तक सिटी में भारी वाहन बंद रहेंगे
रेहमत, बरकत और इबादत का पवित्र माह रमजान शुक्रवार से शुरू होगा। पूरे महीने मुस्लिम समुदाय के लोग रोजे रखकर इबादत करेंगे। सुबह सेहरी और शाम को इफ्तारी का दौर चलेगा। इसके चलते बाजार में चहल-पहल रहेगी। इसलिए पूरे महीने रोज शाम 6 से रात 10.30 बजे तक सिटी में लोडिंग और बड़े वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। जिन प्रमुख चौराहों, तिराहों, बगीचों व बाजार में इफ्तारी के बाद या पहले चहल-पहल ज्यादा रहेगी। वहां पर पुलिसबल तैनात रहेगा। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जाएगी ताकि शांतिपूर्वक त्योहार मनाया जा सके।
यह निर्णय बुधवार शाम 5.30 बजे सिटी थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक के दौरान लिए गए। समाजजन ने कहा कि इफ्तारी के वक्त बाजार में चहल-पहल रहती है। भारी वाहनों से दुर्घटना का डर रहता है। ट्रैफिक जाम होता है। इसलिए शाम को बड़े वाहन प्रतिबंधित करें। इसी पर सीएसपी आशुतोष बागरी ने यातायात इंचार्ज रविशंकर वर्मा को व्यवस्था पालन के निर्देश दिए। कुछ समाजजन ने कहा कि सेहरी व इफ्तारी के वक्त बिजली बंद होने से परेशानी झेलना पड़ती है। इसलिए बिजली आपूर्ति निरंतर होती रहे, ऐसी व्यवस्था करें। एसडीएम वीरसिंह चौहान ने बिजली कंपनी डीई को व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। सफाई और जलापूर्ति व्यवस्था के लिए नपाध्यक्ष अनिल दसेड़ा व नपा अधिकारियों ने आश्वस्त किया। सीएसपी ने कहा घंटाघर चौराहे पर व चौपाटी क्षेत्र में नपा के सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाएंगे। इसके अलावा व्यापारी भी खुद अपने घर-दुकानों के बाहर कैमरे लगाएं ताकि पुलिस को क्राइम रोकने में सहयोग मिल सकें। बैठक के दौरान समाजजन ने कहा कि सेहरी के वक्त समाजजन सेहरी जगाने के लिए घर-घर जाते हैं। बाजार, गलियों में घूमते हैं। इन्हें चैकिंग के नाम पर परेशान ना किया जाए। इस पर सीएसपी ने कहा जो भी सेहरी जगाने जाएं, वे अपने पहचान-पत्र साथ में रखें, ताकि पूछताछ के दौरान स्थानीय होने पर उन्हें रियायत दी जा सके। कई बार ऐसे मौके पर संदिग्ध सक्रिय हो जाते हैं, इसलिए पूछताछ जरूरी रहती है। फिर भी सेहरी वालों का ध्यान रखा जाएगा।
सीरत कमेटी सदर मोहम्मद शाबिर शेख व सदस्य आसिफ अनवर ने बताया कि गुरुवार को रमजान माह का पहला रोजा शुक्रवार को रखा जाएगा।