अपने आसपास सफाई रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। केवल नपा कर्मचारियों के भरोसे बैठे रहना या आगे रहकर कचरा रोड पर फेंकना हल नहीं है। हमें ही आगे आना होगा। सफाई में योगदान देना होगा। तभी नगर स्वच्छ व सुंदर बनेगा। सभी सहयोग करेंगे तो स्वच्छता रैंकिंग स्वत: सुधर जाएगी। यह संदेश देते हुए नगर के 35 से अधिक स्वच्छता प्रेमी युवाओं ने रविवार सुबह तीन घंटे श्रमदान किया।
छोटा मालीपुरा क्षेत्र में पीलियाखाल के किनारे काटजू कन्या माध्यमिक विद्यालय के पीछे पड़ी गंदगी और कचरा युवाओं ने श्रमदान कर हटाया। तीन घंटे की मेहनत से चार ट्रॉली कचरा निकला। सामान्य दिनों में यहां लोग कचरा फेंकते हैं। इससे गंदगी फैलती है। स्कूल खुलने पर बदबू से शिक्षक व बच्चे परेशान होते हैं। सूअर भी विचरण करते रहते हैं लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। सुफल दसेड़ा, पीयूष चौधरी ने बताया सभी दोस्त ने मिलकर पखवाड़ेभर पहले स्वच्छता के लिए काम करने का निर्णय लिया था। इसके बाद पीलियाखाल स्वच्छता समिति बनाई। पिछले रविवार नपा कर्मचारियों के साथ मिलकर शंकर मंदिर घाट क्षेत्र में सफाई की थी। इस सप्ताह नपा के केवल डंपर व ट्रैक्टर-ट्रॉली ही मिले, कर्मचारी नहीं। इससे हम युवाओं ने ही पूरा परिसर साफ किया। पहले चरण में पीलियाखाल के आसपास सफाई की जाना है। दूसरे चरण में अन्य स्थान चिह्नित कर वहां सफाई की जाएगी।
युवाओं ने श्रमदान कर चार ट्रॉली कचरा हटाया।