ग्राम बोरदा का एक व्यक्ति शनिवार रात घर से खेत पर सोने जाने का कहकर निकला था और सुबह वापस नहीं लौटा। भाई ने आईए थाने में गुमशुदगी दर्ज करवा दी। दिनभर आईए पुलिस ने छानबीन की। शाम को पता चला कि वह रात में ही नगर के आंटिया चौराहे पर छुरा लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था। इसलिए गश्त के दौरान सिटी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और थाने में बंद कर दिया।
आईए थाना प्रभारी डी.के. जोशी ने बताया रविवार सुबह बोरदा निवासी गणेश गिरी गोस्वामी ने थाने आकर गुमशुदगी दर्ज करवाई। इसमें बताया कि मेरा भाई गोपाल पिता शंभुदास गिरी (43) रोज की तरह शनिवार रात घर पर खाना खाने के बाद सोने के लिए खेत पर गया था। रविवार सुबह नहीं लौटा। पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में किसी ने बताया कि रात 12 बजे दो बाइक खेत तरफ से निकली थी। इससे अपहरण की आशंका है। पुलिस ने कॉल डिटेल निकलवाने के लिए सूचना रतलाम भेज दी। दोपहर 3 बजे तक आईए पुलिस परेशान होती रही लेकिन गोपाल की जानकारी नहीं मिली। शाम करीब 4 बजे आईए पुलिस ने सिटी थाना पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी। तब सिटी पुलिस ने बताया कि इस नाम का व्यक्ति तो शनिवार देररात आंटिया चौराहे पर छुरा लेकर घूमते पकड़ाया है। सिटी थाना प्रभारी एस.सी. शर्मा ने बताया गोपाल के खिलाफ सिटी थाने में 25 आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है। वह रात में संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था, जवानों ने पकड़ लिया।